सऊदी अरब में सरकार के खिलाफ बोलने की सजा मौत, ट्विटर पर महज 9 फॉलोअर्स वाले शख्स को मिलेगी फांसी
सऊदी अरब में एक शख्स को सरकार की आलोचना करने पर मौत की सजा सुनाई गई है। मोहम्मद अल-गामदी नाम के इस शख्स को यह सजा ट्विटर पर सरकार की भ्रष्टाचार की आलोचना और जेल में बंद एक धार्मिक विद्वान का बचाव करने के लिए ट्वीट किए जाने पर सुनाई गई है।
यह फैसला देश की विशेष आपराधिक अदालत ने जुलाई में सुनाया गया था। यह अदालत देश में आतंकवाद से जुड़े मामलों को देखती है। सोमवार को एएफपी से बात करते हुए, अल-गामदी के भाई सईद अल-गामदी ने कहा कि उनके भाई को 9 फॉलोअर वाले एक गुमनाम अकाउंट से ट्वीट करने पर फांसी की सजा सुना दी गई है।

ब्रिटेन में रहने वाले सईद अल-गामदी ने कहा, "दुनिया कैसे विश्वास कर सकती है कि देश में सुधार हो रहा है जब एक नागरिक को 10 से कम फॉलोअर्स वाले गुमनाम अकाउंट पर ट्वीट करने पर उसका सिर काट दिया जाएगा?"
अधिकार समूह ALQST की निगरानी और संचार प्रमुख लीना अल-हथलौल ने कहा, "सऊदी अदालतें अपना दमन बढ़ा रही हैं और सुधार के अपने खोखले वादों को सार्वजनिक रूप से उजागर कर रही हैं।"
एएफपी के अनुसार मोहम्मद अल-गामदी के खिलाफ आरोपों में सऊदी नेतृत्व के खिलाफ साजिश, राज्य संस्थानों को कमजोर करना और आतंकवादी विचारधारा का समर्थन करना शामिल है।
लंदन में स्व-निर्वासित जीवन जी रहे सईद अल-गामदी ने कहा कि उनका भाई एक रिटायर्ड शिक्षक है। उसे सऊदी विद्वानों अवद अल-करनी, सलमान अल ओदेह, अली अल ओमारी और सफर अल हवाली का बचाव करने के लिए फांसी दी जा रही है।
मुस्लिम स्कॉलर ने कहा कि देश का राजनीतिक माहौल खराब हो चुका है। सिर्फ एक राय व्यक्त करने के लिए या फिर एक आलोचना वाले ट्वीट को लाइक करने पर दमन, आतंक और राजनीतिक गिरफ्तारियों का सहारा लिया जा रहा है।
सऊदी को अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड और मृत्युदंड की सजाओं के लिए अक्सर निंदा का सामना करना पड़ता है। एएफपी टैली के अनुसार, पिछले साल सऊदी अरब में 147 लोगों को फाँसी दी गई। इस साल अब तक 94 लोगों को फांसी दी जा चुकी है।
क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के विजन 2030 एजेंडे के तहत सुधार के सऊदी अरब के प्रयासों के बावजूद, देश की मानवाधिकार प्रथाओं और असहमति को दबाने पर चिंताएं बनी हुई हैं। विज़न 2030 एजेंडा का उद्देश्य किंगडम को एक वैश्विक व्यापार और पर्यटन स्थल में बदलना है।












Click it and Unblock the Notifications