Amritpal Singh: जयशंकर का ब्रिटिश सरकार पर सख्त बयान, कहा- जिम्मेदारी निभाने में चूकी सुनक सरकार
एस जयशंकर ने कहा कि कई देश सुरक्षा मामले में बहुत लापरवाही बरतते हैं। उनकी अपनी सुरक्षा के बारे में बहुत अलग राय होती है और दूसरे लोगों की सुरक्षा के बारे में अलग राय।

Image: Oneindia
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के बाहर खालिस्तान समर्थकों द्वारा भारतीय झंडे के अपमान और उच्चायोग में तोड़फोड़ को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ने ब्रिटिश सरकार को सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार सुरक्षा दायित्वों को पूरा करने में असफल साबित हुई है।
बेंगलुरु में BJYM युवा संवाद कार्यक्रम में बोलते हुए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा जिस देश में दूतावास या उच्चायोग होता है, उस देश की ये जिम्मेदारी होती है कि वहां डिप्लोमैट्स को काम करने के लिए सुरक्षा दी जाए। दूतावास या उच्चायोग के परिसर की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। लेकिन उनके ब्रिटिश सरकार द्वारा अपने दायित्वों को पूरा नहीं किया गया है।
इस पर ब्रिटिश सरकार के साथ हमारी बातचीत हुई है। विदेश मंत्री ने कहा कि कुछ देशों का अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अलग रवैया होता है और दूसरे देशों के लोगों को लेकर अलग रवैया। लेकिन बतौर विदेश मंत्री वे इस तरह के अंतर वाले व्यवहार को स्वीकार नहीं करेंगे। आपको बता दें कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पर पुलिस का कार्रवाई के विरोध में लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने बीते दिनों काफी हंगामा किया है। 19 मार्च को खालिस्तान समर्थकों ने उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन के दौरान भारतीय झंडे को मिशन से उतारकर वहां खालिस्तान का झंडा लगा दिया था। हालांकि, बाद में भारतीय अधिकारियों ने वहां पहले से भी ज्यादा बड़ा तिरंगा लहरा दिया।
भारत सरकार ने उच्चायोग पर हमले और वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने पर सख्त आपत्ति जताई थी। विदेश मंत्रालय ने ब्रिटिश उच्चायोग के सबसे वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर अपना विरोध जताया और उच्चायोग में सुरक्षा न होने पर सवाल किया। भारत के कड़े रुख को देखते हुए लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। ब्रिटिश सरकार ने भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा में पुलिस की 24 बसों को तैनात किया था। इसके साथ ही घुड़सवार पुलिस दस्ते भी मौके पर तैयार नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications