खतरनाक मोड़ पर पहुंची यूक्रेन की लड़ाई, पौलैंड की सीमा पर रूस ने की भीषण बमबारी, मची तबाही
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को अपने नवीनतम खुफिया आकलन में कहा कि अधिकांश रूसी जमीनी बल वर्तमान में यूक्रेनी राजधानी के केंद्र से लगभग 15.5 मील की दूरी पर है।
कीव/मॉस्को, मार्च 13: यूक्रेन युद्ध अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचता जा रहा और ऐसा लग रहा है, कि ये युद्ध अगर एक कदम और बढ़ाता है, तो फिर विश्वयुद्ध शुरू होने से कोई नहीं रोक सकता है। रूस ने अमेरिका को चेतावनी दी है, कि अगर उसने यूक्रेन में हथियार भेजने बंद नहीं किए, तो उसके नजीते काफी बुरे होंगे और अब रूसी सेना ने पोलैंड की सीमा पर भारी बमबारी की है।

पोलैंड सीमा पर एयरस्ट्राइक
लवीवी क्षेत्रीय प्रशासन ने कहा है कि, रूस की वायुसेना ने 'इंटरनेशनल सेंटर फॉर पीसकीपिंग एंड सिक्योरिटी' पर भारी बमबारी की है। लवीवी प्रशासन ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट में कहा है कि, पोलैंड की सीमा के पास लवीव के 40 किलीमीटर उत्तर पश्चिम में लगातार आठ मिसाइलों से हमला किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मची है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सेना ने जिस जगह पर हमला किया है, वो लवीव शहर में पोलैंड की सीमा के पास एक सैन्य प्रशिक्षण फील्ड है, जिसे अब पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है।

कीव के चारों तरफ घेराबंदी
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को अपने नवीनतम खुफिया आकलन में कहा कि अधिकांश रूसी जमीनी बल वर्तमान में यूक्रेनी राजधानी के केंद्र से लगभग 15.5 मील की दूरी पर हैं और रूसी सेना ने पूरी तरह से कीव को चारों तरफ से घेर लिया है। कीव के पड़ोसी शहर मारियुपोल में गैस स्टेशनों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। शनिवार को राजधानी कीव में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं और नागरिक संरचनाओं पर रूसी हमले जारी हैं। वहीं, उत्तरी शहर चेर्निहाइव में एक ऐतिहासिक होटल और एक बिजली स्टेशन को रूसी हमले में पूरी तरह से बर्बाद कर दिया गया।

अब तक 79 बच्चों की मौत
यूक्रेन युद्ध में अभी तक 79 बच्चों की मौत हुई है और 100 से ज्यादा बच्चे अभी तक घायल हुए हैं। वहीं, यूक्रेन में कार्यरत मानवाधिकार समूहों का कहना है कि, युद्ध में अभी तक 1500 से ज्यादा आम नागरिक मारे गये हैं। वहीं, यूक्रेनी सीमा पार करने वाले शरणार्थियों की दर धीमी हो गई है, लेकिन पड़ोसी देश अभी भी अनुमानित तौर पर करीब 26 लाख शरणार्थियों को आश्रय देने से लेकर उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने में संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, ह्यूमन कॉरिडोर के जरिए करीब 13000 शरणार्थियों को और बाहर निकाला गया है।

हर यूक्रेनी शहर में बज रहे सायरन
यूक्रेन युद्ध को अब रूस जल्द से जल्द खत्म करना चाह रहा है, लिहाजा आशंका जताई जा रही है, कि रूस की सेना अब भयानक हमले करने वाली है। लिहाजा, करीब करीब पूरे यूक्रेन में लगातार सायरन बजाए जा रहे है। हवाई हमलों की आशंका के बीच लगातार एयर रेड सायरन बज रहे हैं। यूक्रेन के कई शहर, जैसे उमान, खारकीव, क्रामटोर्स्क, स्लोवियनस्क, विन्नित्सिया, पोल्टावा, कीव, जाइटॉमिर, लवीव, ओडेसा, वोलिन, जापोरिज्या, इजमेल, किलिया, युजने, चेन्रोमोस्क समेत दर्जनों और शहरों में लगातार एयर रेड सायरन बज रहे हैं और लोगों से फौरन बंकरों में जाने के लिए कहा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications