यूक्रेन के अस्पतालों पर भी बम गिरा रही है रूसी सेना, अभी तक 43 हमलों में मारे गए हैं 12 लोग
जिनेवा, मार्च 18। रूस की सेना यूक्रेन के अस्पतालों को भी अब टारगेट कर रही है। पिछले 22 दिनों से चल रहे इस युद्ध में रूसी सेना ने यूक्रेन के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्र को भी निशाना बनाया है और इन पर हुए कम से कम 43 हमलों में अभी तक 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 34 लोग इसमें घायल हैं। यह जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से दी गई है।

'हेल्थ केयर सिस्टम पर हमला, अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन'
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ टेड्रोस अदनोम घेबियस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में दिए अपने एक बयान में कहा है, "यूक्रेन में हेल्थ केयर सेंटरों पर हो रहे हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन हैं, कभी भी और कहीं भी इन हमलों को सही नहीं ठहराया जा सकता, हम यूक्रेन में देख रहे हैं कि कैसे हेल्थ केयर सिस्टम पर हमला कर लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित किया जा रहा है।"
मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है युद्ध का असर
डॉ. ट्रेड्रोस ने आगे बताया है कि यूक्रेन में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं भी युद्ध की वजह से काफी अधिक प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेनी मनोरोग अस्पतालों में 35,000 से अधिक मानसिक स्वास्थ्य रोगियों और दीर्घकालिक देखभाल सुविधाओं के साथ-साथ जरूरी चीजों जैसे दवा, भोजन, हीटिंग, कंबल की किल्लत देखने को मिल रही है।
700 से अधिक आम लोगों की हो चुकी है मौत
आपको बता दें कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यूक्रेन में 15 मार्च तक युद्ध की वजह से 726 आम नागरिकों की मौत रूसी सेना के हमलों में हो चुकी है। इसमें 52 बच्चे शामिल हैं। हालांकि वास्तविक आंकड़े की बात करें तो 63 बच्चों समेत 1174 घायलों की संख्या समेत मारे जाने वाले लोगों की संख्या बहुत अधिक होने की आशंका है। रूसी सेना अब रिहायशी इमारतों, अस्पतालों को निशाना बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications