यूक्रेन की राजधानी कीव में हटाया गया कर्फ्यू, फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित जगह ले जाने की दी गई सलाह
यूक्रेन की राजधानी कीव में हटाया गया कर्फ्यू, फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित जगह ले जाने की दी गई सलाह
कीव, 28 फरवरी: यूक्रेन और रूस के बीच जंग जारी है। इस बीच यूक्रेन की राजधानी कीव से कर्फ्यू हटा दिया गया है। ऐसे में यूक्रेन में फंसे अब भारतीय छात्र रेलवे स्टेशन से ट्रेन लेकर और बस लेकर शहर से बाहर निकल सकते हैं। यूक्रेन सरकार की ओर से सलाह दी गई है कि सभी छात्रों को पश्चिमी भागों की यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन ले जाया जाए। लोगों की निकासी के लिए यूक्रेन की सरकार विशेष ट्रेनें चला रही है। इस ट्रेनों से फंसे गए लोगों को सुरक्षित जगह ले जाने की सलाह दी गई है। यूक्रेन में 2 दिनों बाद कर्फ्यू हटाया गया है, जिसके बाद टैक्सियां भी चल रही हैं।

'भारतीय छात्र कीव में रेलवे स्टेशन पर आएं...'
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने आज यह कहते हुए ट्वीट किया कि पूर्व सोवियत राज्य द्वारा निकासी के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है और "सभी छात्रों" को कीव में रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां वीकेंड कर्फ्यू हटा लिया गया है। छात्रों को यूक्रेन रेलवे द्वारा लगाई गई विशेष ट्रेनों में पश्चिमी भागों में ले जाया जाएगा।

भारतीय छात्रों को ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से ला रहा है भारत
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा, ''कीव में वीकेंग कर्फ्यू हटा लिया गया। सभी छात्रों को पश्चिमी भागों की यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन पर जाने की सलाह दी जाती है। यूक्रेन रेलवे निकासी के लिए विशेष ट्रेनें चला रहा है।" वर्तमान में भारतीय छात्रों को ऑपरेशन गंगा के तहत भारत वापस लाने से पहले हंगरी, पोलैंड, रोमानिया, स्लोवाक गणराज्य से यूक्रेन के साथ सीमा साझा करने वाले सभी देशों में ले जाया जा रहा है।

यूक्रेन से 5वीं उड़ान 249 छात्रों को लेकर नई दिल्ली पहुंची
यूक्रेन से पांचवीं उड़ान 249 भारतीय नागरिकों को सोमवार (28 फरवरी) की सुबह नई दिल्ली लेकर आई है। ऑपरेशन गंगा के तहत चलने वाली फ्लाइट आज तड़के रोमानिया के बुखारेस्ट से रवाना हुई थी। यूक्रेन से दिल्ली में पहुंचे एक छात्र ने कहा, "सरकार ने हमारी बहुत मदद की है। भारतीय दूतावास द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की गई। मुख्य समस्या सीमा पार करना है। मुझे उम्मीद है कि सभी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। यूक्रेन में अभी भी कई और भारतीय फंसे हुए हैं।" भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में सहायता के लिए एक समर्पित ट्विटर हैंडल की स्थापना की है।












Click it and Unblock the Notifications