Video: रूस ने यूक्रेन सीमा पर भेजा विध्वंसक हथियारों का जखीरा, एक महीने में विश्वयुद्ध छिड़ने की आशंका
रूस-यूक्रेन सीमा विवाद बढ़कर कभी भी विश्व युद्द का रूप ले सकता है। रूस ने टैंकों का जखीरा और 4 हजार जवान बॉर्डर की तरफ।
मॉस्को: दुनिया बहुत तेजी से विश्व युद्ध की तरफ बढ़ रहा है, ये आशंका रूसी विश्लेषकों ने रूस-यूक्रेन सीमा विवाद को लेकर जताई है। युद्ध विश्लेषकों ने दुनिया के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर एक महीने के अंदर रूस-यूक्रेन सीमा विवाद की चिंगारी नहीं बुझी तो इससे निकली आग में पूरी दुनिया झुलस सकती है। रूसी जानकारों ने कहा है कि एक तरफ दुनिया कोरोना वायरस से परेशान है तो दूसरी तरफ रूस-यूक्रेन विवाद ने विश्व की शांति छीन ली है।

एक महीने में विश्व युद्ध!
रूस और यूक्रेन के बीच काफी लंबे वक्त से सीमा को लेकर विवाद चल रहा है। और कुछ ऐसे वीडियो आए हैं, जिसमें देखा जा रहा है कि यूक्रेन बॉर्डर की तरफ काफी तेजी के साथ रूसी सैनिक बढ़ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने विवादित बॉर्डर की तरफ अपने 4 हजार सैनिको को भेजा है, जिनके पास काफी खतरनाक और विध्वंसक हथियार हैं। वहीं, रूस के सैकड़ों टैंकों को बॉर्डर की तरफ जाते देखा गया है। रूस और यूक्रेन के बीच काफी तनावपूर्ण हालात से यूरोप में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और विश्व युद्ध की आशंका मंडराने लगी है।

तबाही का खतरा
समाचार चैनल WION की रिपोर्ट के मुताबिक स्वतंत्र रूसी सैन्य विशेषज्ञ पावेल फेलगेनहर ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि जिस तरह के हालात बन रहे हैं उसे देखते हुए इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि अकले कुछ हफ्तों में यूरोपीय या वर्ल्ड वार जैसा बड़ा खतरा दुनिया के सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि खतरा काफी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। भले ही विश्व की मीडिया में अभी इस बात की चर्चा नहीं हो रही हो लेकिन हमें काफी ज्यादा खतरनाक संकेत दिखाई दे रहे हैं।

कई देशों में पहुंचेगी आग
रूसी जानकार पावेल फेलगेनहर ने कहा है कि रूस-यूक्रेन सीमा विवाद में सिर्फ यही दोनों देश ही शामिल नहीं हैं। बल्कि इन दोनों देशों के बीच की टकराव की आग पूरी दुनिया में फैलने की क्षमता रखती है। पावेल फेलगेनहर ने दुनिया को वर्ल्ड वार की चेतावनी उस वक्त दी है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विध्वंसक हथियारों को सीमा की तरफ ले जाने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद रूस की तरफ से टैंक और काफी खतरनाक हथियार सीमा की तरफ भेजे जा रहे हैं। वहीं रूस ने 4 हजार से ज्यादा सैनिकों को भी यूक्रेन सीमा पर भेज दिया है।

रूस ने किया युद्ध से इनकार
वियॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते यूक्रेन के कमांडर इन चीफ रूसलान खोमच ने देश की संसद में सीमा पर तनाव को लेकर बयान जारी करते हुए कहा था कि रूस ने यूक्रेन को लेकर काफी आक्रामक नीति बना रखी है। उन्होंने कहा कि रूस काफी आक्रामक है और कम से कम 25 टेक्टिक ग्रुप को बॉर्डर एरिया में तैनात किया है। उन्होंने कहा कि ये डिप्लॉयमेंट यूक्रेन की सीमा पर पहले से तैनात रूसी सैनिकों के अलावा हैं। वहीं, रूस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि रूस की सेना के मूवमेंट से किसी को घबराने की जरूरत नहीं हैं और वो किसी युद्ध की तैयारी नहीं कर रहा है।

क्यों है विश्व युद्ध की आशंका?
जानकारों की मानें तो रूस और यूक्रेन के बीच का विवाद काफी ज्यादा बढ़ चुका है और युद्ध की आशंका दुनिया पर मंडरा रही है। ऐसे में अगर दोनों देशों में युद्ध होता है तो रूस और अमेरिका सीधे तौर पर एक दूसरे के सामने आ जाएंगे। अमेरिका रूस के खिलाफ खड़ा हो जाएगा और यूक्रेन की मदद करने मैदान में आ जाएगा। और अगर अमेरिका यूक्रेन की मदद में आता है तो फिर दुनिया के कई और देशों को युद्ध में ना चाहते हुए शामिल होना पड़ेगा। खासकर नाटो देशों को लड़ाई का हिस्सा बनना पड़ेगा। वहीं, रिपोर्ट ये भी है कि कुछ दिन पहले ही अमेरिका से सैन्य हथियारों से लदा एक विशालकाय जहाज यूक्रेन पहुंचा है, जिसपर रूस ने कड़ी आपत्ति जताई थी। लिहाजा, जानकारों का कहना है कि युद्ध की किसी भी संभावना को फौरन खत्म करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications