Ukraine War: रूस के भयानक हमले का यूक्रेन ने दिया जवाब, बेलगोरोड में की भयंकर बमबारी, कम से कम 21 की मौत
रूस और यूक्रेन के बीच कुछ दिनों से संघर्ष तीव्र हो गया है। रूस द्वारा गुरुवार रात सौ से भी अधिक मिसाइलें दागने के बाद यूक्रेनी सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की है। यूक्रेन ने शनिवार रात रूसी शहर बेलगोरोद पर भारी बमबारी की है।
रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने दावा किया है कि प्रांतीय राजधानी बेलगोरोड के केंद्र पर यूक्रेनी हमले के बाद 3 बच्चों समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है और 111 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

शहर के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन की सीमा से लगभग 30 किमी दूर बेलगोरोड पर हुए हमले में एक आवासीय क्षेत्र को निशाना बनाया गया। एक टेलीग्राम पोस्ट में, उन्होंने सभी निवासियों से सायरन बजते ही हवाई हमले वाले आश्रयों में जाने का आग्रह किया।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, बेलगोरोद शहर उत्तरी यूक्रेन की सीमा के पास है। इसकी सीमा यूक्रेन के लुहान्स्क, सुमी और खारकीव क्षेत्रों से लगती है। इन इलाकों में शुक्रवार रात रूस की तरफ से भीषण हमला हुआ था। इसे 24 फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद का सबसे बड़ा हमला माना गया। इस हमले में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई।
बेलगोरोड रूसी राजधानी मॉस्को से लगभग 600 किमी (373 मील) दूर है, और यूक्रेन की ओर हमले शुरू करने के लिए क्रेमलिन की सेना के लिए एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में कार्य करता है।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा, मॉस्को, ओरयोल, ब्रांस्क और कुर्स्क क्षेत्रों के आसमान पर भी ड्रोन देखे गए हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में दोषियों को न बख्से जाने की बात कही है। मंत्रालय ने कहा कि उसकी एंटी एयरक्राफ्ट यूनिट ने शुक्रवार को बेलगोरोड क्षेत्र में 13 यूक्रेनी रॉकेटों को नष्ट कर दिया था।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यूक्रेन की सरकार अग्रिम मोर्चे पर हुई हार से ध्यान हटाने और हमें भी इसी तरह की कार्रवाई करने के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा है। रूस ने शनिवार को घातक हमले पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की बैठक बुलाने का अनुरोध किया।
संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वासिली नेबेंज़्या ने कहा, "यह कीव शासन द्वारा एक नागरिक शहर के खिलाफ एक आतंकवादी हमला था।" उन्होंने दावा किया कि कीव ने एक स्पोर्ट सेंटर, एक आइस रिंक और एक विश्वविद्यालय को निशाना बनाया।












Click it and Unblock the Notifications