ट्रंप की 100% टैरिफ की चेतावनी पर रूस ने दी तीखी प्रतिक्रिया, बोला- धमकाओ नहीं हर कोशिश बेकार जाएगी
Trump Tariff: अमेरिका में दोबारा सत्ता संभालने के बाद से ही डोनाल्ट ट्रंप टैरिफ गेम खेल रहे हैं। कई देशों पर मनमाना टैरिफ लगाने के बाद सोमवार को ट्रंप ने रूस को टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी। ट्रंप ने रूस को यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए 50 दिन का अल्टीमेटम देते हुए 100% तक के टैरिफ लगाने की चेतावनी दी। रूस पर सख्त टैरिफ लगाने की धमकी के एक दिन बाद रूस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने चीन में एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान ट्रंप की धमकी को लेकर प्रतिक्रिया दी। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा वह किसी भी नई पाबंदी से निपटने को पूरी तरह तैयार है।

चीन के तिआनजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 25वें विदेश मंत्रियों की बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस किसी भी प्रकार की धमकी से डरने वाला नहीं है और वह पहले से ही संभावित पाबंदियों के लिए तैयार है। लावरोव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमें कोई संदेह नहीं है कि हम नई पाबंदियों का सामना करेंगे, लेकिन हमें यह समझना होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति किस मानसिकता से प्रेरित होकर ऐसी धमकियां दे रहे हैं।"
रूस बोला- हर कोशिश बेकार जाएगी
रूसी उप-विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने ट्रंप की चेतावनी पर जवाब देते हुए कहा, "हम किसी भी अल्टीमेटम या धमकी को स्वीकार नहीं करते। रूस पर दबाव डालने की कोई भी कोशिश बेकार जाएगी।"
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति के हालिया बयान बेहद गंभीर हैं। इनमें कुछ बातें राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सीधे जुड़ी हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि हमें वॉशिंगटन से आ रही बयानबाजी का विश्लेषण करने के लिए थोड़ा वक्त चाहिए।
ट्रंप की सख्त चेतावनी
ट्रंप ने कहा था "हम रूस से बेहद नाराज़ हैं। अगर रूस 50 दिनों में युद्ध खत्म करने के लिए किसी समझौते पर नहीं पहुंचता, तो हम बहुत सख्त टैरिफ लगाएंगे। हम 100% तक सेकेंड्री टैरिफ लगाएंगे"। आप इन्हें सेकेंड्री टैरिफ कह सकते हैं।" पुतिन को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि वह हत्यारे हैं, लेकिन वह एक टफ आदमी हैं।"
यूक्रेन युद्ध में अब तक का नुकसान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकाका आराेप है कि यूक्रेन युद्ध में अब तक 12 लाख लोग घायल या मारे जा चुके हैं। हालांकि, रूस और यूक्रेन में से किसी ने भी आधिकारिक संख्या नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications