रूस ने गूगल न्यूज को किया ब्लॉक, यूक्रेन युद्ध पर दिए जा रहे समाचारों से है खफा
मॉस्को, 24 मार्च: रूस के संचार नियामक ने गूगल न्यूज को ब्लॉक कर दिया है। गूगल न्यूज पर रोक की वजह उसके यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के बारे में फर्जी खबरें चलाने को कहा गया है। इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने बुधवार को ये जानकारी दी है। रूस में अब गूगल न्यूज सर्विस की सेवाएं नहीं ली जा सकेंगी।

रूस के संचार नियामक ने अल्फाबेट इंक के गूगल की समाचार एग्रीगेटर सेवा को ब्लॉक किया है। नियामक ने गूगल पर यूक्रेन-रूस जंग को लेकर झूठी (रूस के खिलाफ) खबरें फैलाने का आरोप लगया है। रूस गूगल न्यूज से पहले फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर भी रोक लगा चुका है। हाल ही में रूस में फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर रोक लगा दी गई थी। रूस का कहना है कि ये साइट यूक्रेन से उसके जंग को लेकर उनके खिलाफ काम कर रही हैं।
दरअसल यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। रूस की ओर से कहा जा रहा है कि पश्चिम मीडिया और सोशल साइट्स उसके खिलाफ अभियान चल रही हैं और उसको बदनाम कर रही हैं।
एक महीने से चल रही रूस- यूक्रेन में जंग
रूस और यूक्रेन के बीच बीते एक महीने से जंग चल रही है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 फरवरी को अपनी फौजों को यूक्रेन पर आक्रमण की इजाजत दी थी। तब से लगातार यूक्रेन के ज्यादातर शहर रूसी फौजों की जद में हैं और जानमाल का भारी नुकसान हो चुका है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि रूस के ऑपरेशन का लक्ष्य उसका विसैन्यीकरण और तटस्थ स्थिति के लिए हैं। दरअसल रूस लंबे समय से यूरोपीय संगठनों खासकर नाटो के साथ यूक्रेन की नजदीकी का विरोध करता रहा है। इसके अलावा भी उसकी कई मांगे हैं, जिन पर वो यूक्रेन की सहमति चाहता है। कभी सोवियत संघ का हिस्सा रहे पड़ोसी देश यूक्रेन को लेकर पुतिन का कहना है कि यूक्रेन पश्चिमी देशों के हाथों की कठपुतली बना गया है और रूस की सुरक्षा को खतरा बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications