यूक्रेन युद्ध में खत्म हुए रूस के हथियार? पुतिन ने 'दोस्त' किम जोंग से मांगी मदद, व्हाइट हाउस का दावा
रूस यूक्रेन के बीत डेढ़ सालों से जंग चल रही है। इस युद्ध में जहां यूक्रेन को कई देशों से मदद मिलती रही है, रूस अब तक खुद के हथियारों से ही यूक्रेन से जंग लड़ता रहा है। लेकिन अब खबर मिल रही है कि पहली बार रूस ने किसी और देश से हथियारों को लेकर मदद मांगी है।
दावे के मुताबिक यह देश चीन नहीं बल्कि एशियाई देश उत्तर कोरिया है। व्हाइट हाउस ने कहा कि उसके पास नए खुफिया इनपुट हैं जो दिखाते हैं कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने पत्रों का आदान-प्रदान किया है।

इसमें रूस ने यूक्रेन युद्ध के बीच उत्तर कोरिया से हथियार मांगे हैं। अमेरिका के दावे के मुताबिक पहली बार पुतिन ने किम जोंग उन को पत्र लिखकर मिसाइल, बम, गोला-बारूद और अन्य युद्धक सामग्री की मदद करने को कहा है।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि रूस अपने सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त तोपखाने के गोले और अन्य बुनियादी सामग्री की तलाश कर रहा है।
किर्बी ने कहा कि हथियारों की बिक्री के संबंध में रूस और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शोइगु की यात्रा के बाद पुतिन और किम जोंग के बीच पत्रों का अदान-प्रदान हुआ है।
हालांकि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता ने यह बताने से इनकार कर दिया कि अमेरिकी अधिकारियों ने खुफिया जानकारी कैसे जुटाई थी।
दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, अमेरिका द्वारा क्रेमलिन-प्योंगयांग हथियार वार्ता के बारे में नई जानकारी का खुलासा करने से कुछ समय पहले, उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी जल क्षेत्र की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की।
यह मिसाइल परीक्षण अमेरिका द्वारा उत्तर के खिलाफ ताकत दिखाने के लिए कोरियाई प्रायद्वीप में कम से कम एक लंबी दूरी के बमवर्षक विमान को उड़ाने के कुछ ही घंटों बाद हुआ।
इससे पहले बाइडेन प्रशासन ने दावा किया था कि रूस यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए आवश्यक हथियारों के लिए उत्तर कोरिया के साथ-साथ ईरान पर भी निर्भर हो गया है।
सबसे पहले मार्च में व्हाइट हाउस ने कहा था कि उसे खुफिया जानकारी मिली है कि रूस उत्तर कोरिया के साथ हथियारों के बदले भोजन का सौदा करने पर विचार कर रहा है। इस डील के तहत मॉस्को, उत्तर कोरिया को प्योंगयांग से युद्ध सामग्री के बदले में आवश्यक भोजन और अन्य वस्तुएं प्रदान करेगा।
आपको बता दें कि उत्तर कोरिया और रूस के बीच काफी अच्छे संबंध हैं। रूस लगातार उत्तर कोरिया को तेल की सप्लाई कर रहा है और बदले में सैन्य सहयोग चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications