पुतिन के कट्टर विरोधी एलेक्सी नवलनी की मौत, जेल में बंद थे रूसी नेता
रूस की जेल में सजा काट रहे विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की अचानक मौत हो गई है। हालांकि, उनकी टीम की ओर से उनके निधन की पुष्टि नही की गई है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर आलोचक रहे विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की यमलो-नेनेट्स क्षेत्र के जेल में मौत हो गई।

टहलने के बाद अचानक बिगड़ गई सेहत- प्रिजन सर्विस
वहां के प्रिजन सर्विस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'टहलने के बाद नवलनी की सेहत बिगड़ गई और वह लगभग तत्काल ही बेहोश हो गए। मेडिकल स्टाफ तुरंत पहुंच गया और एंबुलेंस टीम बुला ली गई।'
मौत की वजह का अभी पता नहीं
जेल प्रशासन के बयान में कहा गया है कि उन्हें होश में लाने की तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और उनकी मौत की पुष्टि कर दी गई। अभी तक उनकी अचानक हुई मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
एलेक्सी नवलनी की टीम ने अभी नहीं की है मौत की पुष्टि
लेकिन, एलेक्सी के टीम के सदस्य किरा यर्मिश ने उनकी मौत की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि 'एलेक्सी के वकील खार्प जा रहे हैं और जैसे ही हमें कोई सूचना मिलेगी हम इसकी जानकारी देंगे।' उनकी प्रेस सेक्रेटरी ने भी उनकी मौत की पुष्टि नहीं की है।
जेल शिप्ट होने के कुछ समय बाद हुई घटना
एलेक्सी नवलनी उद्रवाद के आरोपों में 19 साल की सजा काट रहे थे। पिछले साल दिसंबर में उन्हें केंद्रीय रूस के व्लादिमीर क्षेत्र की एक जेल से मास्को से 1900 किलोमीटर उत्तरपूर्व के खार्प शहर की एक 'स्पेशल जेल' में शिफ्ट किया गया था, जो 'पोलर वोल्फ' के नाम से चर्चित है।
यह जेल रूस के सबसे मुश्किल जेलों में से एक है और यहां अधिकतर बहुत ही खौफनाक अपराधों में सजा पाए कुख्यात अपराधियों को ही रखा जाता है।
हालांकि, जेल बदले जाने के बाद एक वीडियो कॉल में नवलनी अच्छे मूड में नजर आए थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि शायद बहुत दूर होने की वजह से अभी तक उन्हें क्रिसमस का मेल नहीं मिला है।
एलेक्सी नवलनी के निधन पर क्रेमलिन ने क्या कहा?
रूस में सत्ता के केंद्र क्रेमलिन ने विपक्षी नेता के निधन के बारे में कहा है कि उन्हें अभी एलेक्सी नवलनी के निधन की वजह का पता नहीं है। लेकिन, प्रिजन सर्विस हर संभव छानबीन कर रही है। क्रेमलिन ने ये भी बताया है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उनकी मौत की जानकारी दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications