नाबालिग से जबरन सेक्स करने के आरोप में प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर मलकित सिंह की बेटी को जेल
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। जाने-माने पंजाबी सिंगर मलकित सिंह की बेटी अमरदीप भोपारी को ब्रिटिश अदालत ने एक नाबालिग छात्र के साथ जबरन यौन संबंध बनाने के आरोप में 2 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने पेशे से अध्यापक अमरदीप भोपारी को 10 साल के लिए "यौन अपराधी" भी करार दिया है। आपको बताते चलें कि भोपारी को दिसम्बर 2013 में इस आरोप में गिरफ्तार किया था और अमरदीप ने खुद पर लगे आरोपों को स्वीकार किया है।

एक ब्रिटिश अखबार के मुताबिक अमरदीप ने 2012 में स्पेशल स्कूल में बच्चों को पढ़ाना शुरू किया था। 2013 में उन्होंने 16 साल के एक नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए। 28 वर्षीय अमरदीप भोपारी ने छात्र के साथ अपनी कार, अपने घर और स्कूल के करीब स्थित एक इंडस्ट्रीयल एस्टेट में यौन संबंध बनाने की इस घटना को अंजाम दिया। इतना ही नहीं भोपारी ने उस नाबालिग छात्र को कई महंगे तोहफे दिया।
छात्र को अपने घर बुलाया और ड्राइविंग लाइसेंस ना होने के बाद भी उसे अपनी कार चलाने दी। जब छात्र ने अपनी उम्र की एक लड़की को डेट करना शुरू कर दिया और भोपारी के साथ संबंधों को समाप्त करना चाहा तो शिक्षिका ने उसे रोकने की कोशिश की। भोपारी के वकीलों ने कोर्ट को बताया कि उसे छात्र से प्रेम हो गया था और अब उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है। अदालत ने शिक्षिका को दो वर्ष कारावास की सजा सुनाई है और उसे 10 वर्ष के लिए "यौन अपराधी" करार दिया है। उल्लेखनीय है कि मलकित सिंह ने प्रसिद्ध गाने गुड़ नालो इश्क मिट्ठा और तुतक तुतक तुतक तूतिया गाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications