अमेरिकी मध्यावधि चुनाव: मरने के बाद भी रिकॉर्ड वोटों से जीता वेश्यालय मालिक
वॉशिंगटन। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में यूं तो कई उम्मीदवार चुनाव जीते और हारे। हर चुनाव में ऐसा होना आम बात है, लेकिन क्या कभी आपने सुना है कि चुनाव में ऐसे उम्मीदवार को रिकॉर्डतोड़ जीत मिल गई हो, जो इस दुनिया में ही न हो। अमेरिका के मध्यावधि बिल्कुल ऐसा ही हुआ है। कई वैध वेश्यालयों के मालिक और पूर्व रियलिटी टीवी स्टार डेनिस हॉफ ने अमेरिकी प्रांत नेवादा में रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। 72 वर्ष के डेनिस हॉफ का तीन हफ्ते पहले ही निधन हो गया था, लेकिन उनका नाम बैलेट पेपर से नहीं हटाया गया था। डेनिस हॉफ को रिपब्लिकन पार्टी ने टिकट दिया था। यूं तो डोनाल्ड ट्रांप की रिपब्लिकन पार्टी मध्यावधि चुनावों में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन अप्रत्याशित तौर पर दिवंगत डेनिस हॉफ विपक्षी डेमोक्रेट को हराने में कामयाब रहे।

मृत प्रतिद्वंद्वी से हारने वाले डेमोक्रेट नेता का नाम है लेशियो रोमानोव
जानकारी के मुताबिक, डेनिस हॉफ ने विपक्षी डेमोक्रेट उम्मीदवार जो कि जीवित हैं, उन्हें 30.98 प्रतिशत वोटों के अंतर से हरा दिया है। हारने वाले जीवित डेमोक्रेट नेता का नाम है- लेशियो रोमानोव। लेशियो शायद दुनिया के इकलौते ऐसे उम्मीदवार होंगे, जो कि दिवंगत प्रतिद्वंद्वी से हार गए हैं। डेनिस हॉफ को चुनाव में कुल 69.02 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए।

जन्मदिन के दिन ही हो गई मृत्यु
मरने के बाद भी विपक्षी को हराने वाले डेनिस हॉफ ने 16 अक्टूबर को 72वां जन्मदिन मनाया था। वह अपने वैध वेश्यालय में ही थे, उस वक्त उनका निधन हो गया। उन्होंने कैसे दम तोड़ा किसी को नहीं पता, ऐसा कहा जा रहा है कि नींद में ही उनकी मृत्यु हो गई।

एचबीओ चैनल पर शुरू किया था खास शो
रिपब्लिकन पार्टी ने डेनिस हॉफ के निधन के बाद तय कर लिया था कि उनका नाम बैलेट पेपर से नहीं हटाया जाएगा। डेनिस हॉफ ने एचबीओ चैनल पर रियलिटी टीवी शो शुरू किया था, जिसका नाम है कैथउस। यह शो वेश्यालयों और वेश्याओं के जीवन पर आधारित था। डेनिस हॉफ नेवादा में वैध वेश्यालय चलाते थे और वह अमेरिका में वेश्यालयों पर बैन के सख्त खिलाफ थे।












Click it and Unblock the Notifications