अर्जेंटीना क्यों जा रहीं गर्भवती महिलाएं? 10 हजार से भी अधिक रूसी महिलाओं ने छोड़ा देश
अर्जेंटीना, रूसी परिवारों के लिए एक लोकप्रिय गंतव्य के रूप में उभरा है। यूक्रेन युद्ध के बाद इसमें भारी इजाफा हुआ है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में लगभग 10,500 गर्भवती रूसी महिलाएं अर्जेंटीना पहुंची।

अर्जेंटीना के आव्रजन अधिकारियों ने खुलासा किया है कि हजारों की संख्या में रूसी महिलाएं उनके देश आ रही हैं। वे यहां बच्चे को जन्म देती हैं और वापस अपने देश लौट जा रही हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक हाल के कुछ महीनों में 5,000 से अधिक रूसी महिलाओं ने अर्जेंटीना में प्रवेश किया है। हद तो तब हो गई जब एक ही विमान से 33 गर्भवती महिलाएं रूस से अर्जेंटीना पहुंच गईं। रिपोर्ट के मुताबिक ये महिलाएं 32 से 34 सप्ताह की गर्भवती थीं।

दोहरी नागरिकता की चाह है वजह
ऐसा माना जा रहा है कि महिलाएं अर्जेंटीना आकर अपने बच्चे को जन्म दे रही हैं ताकि उन बच्चों को इस देश की नागरिकता मिल जाए। अधिकारियों के मुताबिक रूसी महिलाएं चाहती थीं कि उनके बच्चों के पास अर्जेंटीना की नागरिकता हो क्योंकि यह रूसी पासपोर्ट की तुलना में अधिक स्वतंत्रता देता है। माइग्रेशन एजेंसी के प्रमुख फ्लोरेंसिया कैरिग्नानो ने कहा कि उन्होंने इस ‘लाभदायक व्यवसाय' की जांच की है।

33 गर्भवती महिलाएं एक ही विमान से पहुंची
अधिकारी कैरिग्नानो ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ये सभी गर्भवती महिलाएं अपने बच्चों को जन्म देने के लिए अर्जेंटीना आ रही हैं ताकि उन्हें इस देश की नागरिकता मिल सके। हालांकि उन्होंने ने यह भी कहा कि वे इन रूसी गर्भवती महिलाओं पर नकेल कस रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि पिछले सप्ताह 33 रूसी महिलाएं एक ही विमान से ब्यूनस आयर्स पहुंची थीं। राष्ट्रीय प्रवासन एजेंसी के अनुसार नवीनतम आगमन सभी गर्भावस्था के अंतिम सप्ताह में थे। अचानक एक साथ इतनी महिलाओं को देखकर उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। हालांकि उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बाद में देश में प्रवेश करने की अनुमति दी गई।

दस हजार से भी अधिक महिलाएं अर्जेंटीना पहुंची
अधिकारी कैरिग्नानो ने कहा कि अर्जेंटीना, रूसी परिवारों के लिए एक लोकप्रिय गंतव्य के रूप में उभरा है। यूक्रेन युद्ध के बाद इसमें भारी इजाफा हुआ है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में लगभग 10,500 गर्भवती रूसी महिलाएं उनके देश पहुंची थीं। इनमें से 5,800 से अधिक महिलाएं साल के आखिर में पहुंची थीं। कैरिग्नानो ने कहा कि इन दस हजार से भी अधिक महिलाओं में से लगभग 7,000 महिलाओं ने अपने बच्चों को जन्म दिया और फिर रूस लौट गईं।

युद्ध से भाग रही रूसी महिलाएं?
कैरिग्नानो ने कहा, "समस्या यह है कि वे पर्यटक के रूप में यहां आते हैं, उनके बच्चे होते हैं और फिर कभी वापस नहीं आने के लिए अर्जेंटीना छोड़ देते हैं। हम उन्हें बेशर्मी से झूठ बोलने की इजाजत नहीं दे सकते कि वे पर्यटक हैं जबकि वे नहीं हैं। रूसी महिलाओं में से एक का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील क्रिश्चियन रूबिलर ने कहा कि महिलाएं ‘युद्ध से भाग रही थीं'। वे नहीं जानती कि युद्ध का परिणाम क्या होगा। ऐसे में वे चाहती हैं कि उनके बच्चों के पास एक और विकल्प हो।

बेहद सुरक्षित माना जाता है अर्जेंटीना का पासपोर्ट
क्रिश्चियन रूबिलर ने कहा कि पुतिन के शासन में, युद्ध के लिए सहमत नहीं होना, किसी के जेल जाने या उसके परिवार के सदस्यों को लड़ाई की अग्रिम पंक्ति में भेजने के लिए पर्याप्त है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अर्जेंटीना का पासपोर्ट दुनिया भर में सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पासपोर्ट्स में से एक है। इसके पासपोर्ट पर दुनिया के 171 देशों में बिना वीजा के एंट्री मिल सकती है। वहीं रूसी पासपोर्ट पर महज 87 देशों की यात्रा बिना वीजा के की जा सकती है।

बच्चे पैदा करने के लिए ऑफर
रिपोर्ट के मुताबिक एक रूसी वेबसाइट है जो रूसी महिलाओं को अर्जेंटीना में बच्चा पैदा करने के लुभावने ऑफर देती है। इसके विज्ञापन में गर्भवती महिलाओं के लिए कई पैकेज रहते हैं जिनमें अस्पतालों में जन्म देने की लागत, एयरपोर्ट पिक-अप, अर्जेंटीना में बोली जाने वाली भाषा स्पेनिश की बेसिक जानकारी इत्यादि चीजें शामिल रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications