बुद्ध पूर्णिमा पर नेपाल जाएंगे पीएम मोदी, चीन का ये मार्केटिंग प्लान हुआ फेल
नई दिल्ली, 15 मईः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के निमंत्रण पर हो रहा है। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर नेपाल में उत्साह है। नेपाल सरकार लुंबिनी में व्यापक इंतजाम और तैयारियां कर रही है। वहीं मोदी ने अपनी इस यात्रा से पहले चीन के एक मार्केटिंग प्लान को फेल कर दिया है।
Recommended Video

पीएम मोदी की पांचवी नेपाल यात्रा
पीएम मोदी ने इस दौरे से पहले जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं। भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं। मेरी यात्रा का उद्देश्य इन संबंधों का जश्न मनाना और उन्हें और गहरा करना है, जिन्हें सदियों से बढ़ावा दिया गया है और हमारे परस्पर-मिलन के लंबे इतिहास में दर्ज किया गया है।‘‘ बुद्ध जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को पीएम मोदी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के संबोधन में नेपाल को शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन की बड़ी सौगात का ऐलान हो सकता है।

कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल दौरे के एकदिवसयीय कार्यक्रम के दौरान कई आयोजनों में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी की यात्रा को लेकर लुम्बिनी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी बुद्ध जन्मस्थली जाएंगे, जहां बुद्ध जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने के साथ बौद्ध संस्कृति और विरासत के लिए तैयार होने वाले सेंटर के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे। वहीं, पीएम मोदी मायादेवी मंदिर का भी दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए विशेष तौर पर चार हेलीपैड बनाए गए हैं।

विशेष पूजा अर्चना में नेपाली पीएम संग लेंगे हिस्सा
बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर माया देवी मंदिर में होने वाले विशेष पूजा अर्चना में उनके साथ नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी भी होंगी। गौरतलब है, माया देवी मंदिर में होने वाली विशेष पूजा अर्चना में केवल तीन लोग- प्रधानमंत्री मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी की पत्नी ही शामिल होंगी। इस विशेष पूजा अर्चना को 3 पुजारी करवाएंगे।

2014 में मोदी ने लगाया था बोधिवृक्ष
माया देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद प्रधानमंत्री मंदिर परिसर में स्थित पवित्र पुष्कर्णी तालाब की परिक्रमा करेंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री मंदिर परिसर में अशोक स्तंभ की परिक्रमा करेंगे और उसके बाद उन्हीं के द्वारा 2014 में भेजा गया बोधि वृक्ष, जो कि माया देवी मंदिर परिसर में लगाया गया है, वहां पानी डालेंगे। माया देवी मंदिर के मुख्य इंचार्ज खगेंद्र के मुताबिक माया देवी मंदिर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी जिस जगह पर जाते हैं, उसका प्रचार प्रसार होता है और हमें यकीन है कि इस दौरे के बाद यहां का भी काफी विकास होगा।

चीन ने भैरवा में तैयार किया एयरपोर्ट
पीएम मोदी के इस दौरे पर चीन की गहरी नजर होगी। काफी समय से चीन नेपाल को एक मोहरे की तरह प्रयोग कर रहा है। नेपाल को अपने पाले में रखने के लिए चीन ने भैरवा में गौतम बुद्ध इंटरनेशनल एयरपोर्ट तैयार किया है। यह लुंबिनी से 15 किलोमीटर दूर है। इसमें चालीस अरब नेपाली रुपए खर्च हुए हैं। चीनी प्रभाव वाले इस एयरपोर्ट का उद्घाटन भी सोमवार यानी कि 16 मई को होगा। उम्मीद जताई जा रही थी कि उद्घाटन वाले दिन पीएम मोदी इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेंगे और यहां से लुम्बिनी जाएंगे। ऐसे में इस एयरपोर्ट की वैश्विक मार्केटिंग भी हो जाती। लेकिन पीएम मोदी ऐसा नहीं करेंगे। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम मोदी सेना के हेलीकॉप्टर से नेपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications