‘फ्रांस में हमारी सेनाओं का पराक्रम दिखा’, PM मोदी बोले- मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत में पेरिस अहम साथी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर हैं। उन्होंने अपने फ्रांस दौरे के दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया में फ्रांस एक अहम पार्टनर है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लोगों ने स्वयं को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस यात्रा में हम फ्रांस को एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं। मोदी ने कहा कि आतंक की लड़ाई में फ्रांस साथ है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पिछले 25 वर्षों की मजबूत नींव के आधार पर अगले 25 वर्षों का रोडमैप बना रहे हैं। इसके लिए साहसिक एवं महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, ''रक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक मूलभूत स्तंभ रहा है। यह दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत में फ्रांस एक अहम साथी है... पीएम मोदी ने आगे कहा कि सबमरीन हो या नौसेना के जहाज हों, हम चाहते हैं कि मिलकर सिर्फ अपने ही नहीं, तीसरे मित्र देशों के सहयोग के लिए भी हम काम करें।''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''हम मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। हम फ्रांस में पढ़ रहे भारतीय मूल के लोगों को दीर्घकालिक वीजा देने के फैसले का स्वागत करते हैं। मैं फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित करता हूं।''
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''आज भारत में चंद्रयान के सफल लॉन्च पर पूरा देश उत्साहित है। यह हमारे वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि है। पीएम ने कहा कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत और फ्रांस का पुराना और गहरा सहयोग है। हमारी स्पेस एजेंसियों के बीच नए समझौते हुए हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''हमारे सहयोग को एक रचनात्मक रूप देने के लिए हम इंडो-पैसिफिक कोऑपरेशन रोडमैप पर काम कर रहे हैं। इंडो-पैसिफिक ट्रांयगुलर डेवलपमेंट कॉपरेशन फंड के प्रस्ताव पर भी दोनों पक्ष चर्चा में है। इससे पूरे क्षेत्र में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नए अवसर खुलेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications