न्यूयॉर्क में 'द ब्लैक स्वान' के लेखक नसीम तालेब से मिले पीएम मोदी, रिस्क कंसेप्ट के लिए की तारीफ
PM Modi Meets Nassim Taleb: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अमेरिका दौरा काफी बेहतरीन अंदाज में शुरू हो चुका है और आज न्यूयॉर्क में पीएम मोदी अमेरिका के अलग अलग क्षेत्रों के लीडर्स से मुलाकात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रमुख अमेरिकी निवेशकों, लेखकों और सीईओ के साथ चर्चा के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी यात्रा शुरू की है।
इस दौरान अमेरिका में पीएम मोदी ने दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क और प्रख्यात नोबेल पुरस्कार प्राप्त वैज्ञानिक पॉल रोमर से भी मुलाकात की है। वहीं, प्रधानंमत्री मोदी की बेहद दिलचस्प मुलाकात मशहूर लेखक नसीम तालेब से हुई है।

नसीम तालेब से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार सांख्यिकीविद् और सार्वजनिक बुद्धिजीवी नसीम निकोलस तालेब से मिले हैं, जिनका काम यादृच्छिकता, संभावना और अनिश्चितता की समस्याओं से संबंधित है, उन्हें 'द ब्लैक स्वान एंड स्किन इन द गेम' के लेखक के रूप में जाना जाता है।
लोकप्रिय बातचीत के दौरान जोखिम और नाजुकता के जटिल विचारों को लाने में योगदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने तालेब की सराहना की है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के आधिकारिक प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिष्ठित गणितीय सांख्यिकीविद्, सार्वजनिक बुद्धिजीवी और लेखक, प्रोफेसर नसीम निकोलस तालेब के साथ गर्मजोशी से चर्चा के साथ अपनी यूएसए यात्रा की शुरुआत की है।" उन्होंने कहा, कि "पीएम मोदी ने भारत के बढ़ते स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र और भारत के युवा उद्यमियों की जोखिम लेने की क्षमताओं पर प्रकाश डाला।"
मोदी से मिलने के बाद, तालेब ने भारत की कोविड के प्रति प्रतिक्रिया और भारत के इससे बहुत कुशलता से निपटने के तरीके की सराहना की।
नसीम निकोलस तालेब लेबनानी मूल के लेखक हैं, जो अब अमेरिका में रहते हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद लेबनानी-अमेरिकी लेखक ने कहा, कि उन्होंने पीएम मोदी के साथ जोखिम लेने और एंटी-प्रेजेलिटी पर चर्चा की।
तालेब के साथ-साथ पीएम मोदी ने बौद्ध विद्वान रॉबर्ट थुरमन और ब्रिजवाटर एसोसिएट्स के संस्थापक रे डालियो के साथ भी एक मनोरंजक बातचीत की।
अरिंदम बागची ने कहा, कि "वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए बौद्ध मूल्य किस प्रकार मार्गदर्शक प्रकाश के रूप में कार्य कर सकते हैं, इस पर दोनों लीडर्स ने विचारों का आदान-प्रदान किया।" बागची ने कहा, "भारत के बौद्ध संपर्क और बौद्ध विरासत के संरक्षण के लिए भारत द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की।"
न्यूयॉर्क में पीएम मोदी ने प्रसिद्ध अमेरिकी कारोबारी रे डेलियो के साथ भी मुलाकात की है और इस दौरान उन्होंने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार द्वारा किए गए सुधारों पर प्रकाश डाला।
आपको बता दें, कि 22 जून को पीएम मोदी के सम्मान में व्हाइट हाउस में डिनर कार्यक्रम रखा गया है, लेकिन पीएम मोदी के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने वाले अधिकारियों के मुताबिक, 21 जून को बाइडेन परिवार की तरफ से पीएम मोदी के लिए अंतरंग डिनर कार्यक्रम रखा गया है। 21 जून को पीएम मोदी बाइडेन परिवार के साथ डिनर करेंगे, जिसे अमेरिका की फर्स्ट लेडी, जिल बाइडेन होस्ट करेंगी। इस कार्यक्रम में चुनिंदा लोग ही शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications