PM Modi Mauritius: 'हमारे पुरखों का खून पसीना मिला हुआ', मॉरीशस में भारतीयों के बीच क्या बोले PM मोदी?
PM Modi Mauritius: प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार (11 मार्च) को अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे, जहां शाम को उन्होंने पोर्ट लुइस में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इससे पहले मॉरीशस में भारतीयों के बीच पीएम मोदी पहुचे, जहां उन्होंने कहा कि भारत-मॉरीशस का इतिहास साझा है। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि इस बार मॉरीशस से होली के रंग अपने साथ लेकर भारत जाऊंगा।

PM Modi ने पोर्ट लुइस में भारतीय समुदाय को किया संबोधित
पोर्ट लुइस में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जब 10 साल पहले आज की ही तारीख को मैं मॉरीशस आया था उस साल होली एक हफ्ते पहले बीत चुकी थी। तब मैं भारत से भगवा की उमंग अपने साथ लेकर आया था। इस बार मॉरीशस से होली के रंग अपने साथ लेकर भारत जाऊंगा।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं जब भी मॉरीशस आता हूं तो लगता है कि अपनों के बीच ही आया हूं। यहां की मिट्टी में कितने ही हिन्दुस्तानियों का, हमारे पुरखों का खून पसीना मिला हुआ है। हम सब एक परिवार ही तो हैं।"
PM Modi को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का फैसला
पीएम मोदी ने आगे कहा कि मॉरीशस के लोगों ने, यहां की सरकार ने मुझे अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का फैसला लिया है। मैं आपके निर्णय को विनम्रता से स्वीकार करता हूं। ये भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक रिश्तों का सम्मान है। ये उन भारतीयों का सम्मान है जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी इस धरती की खूब सेवा की।
सम्मान पाने वाले पहले भारतीय बने PM Modi
बता दें कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने पीएम मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' देने का ऐलान किया है। इसी के साथ पीएम मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
'मैं महाकुंभ संगम का पावन जल लेकर आया हूं...'
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मॉरीशस के अनेक परिवार अभी-अभी महाकुंभ में भी होकर आए हैं। दुनिया को आश्चर्य हो रहा है। मानव इतिहास का ये विश्व का सबसे बड़ा समागम था। 65-66 करोड़ लोग इसमें पहुंचे थे। मैं महाकुंभ के समय का ही संगम का पावन जल लेकर आया हूं जिसे यहां कल गंगा तालाब को अर्पित किया जाएगा।"
बिहार को लेकर मॉरीशस में क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "एक समय बिहार दुनिया का समृद्धि का केंद्र था। अब हम मिलकर बिहार का गौरव फिर से वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं।" भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मॉरीशस विभिन्न संस्कृतियों का उद्यान है। मॉरीशस में एक 'मिनी इंडिया' बसता है। मैं बिहार और भोजपुर के साथ आपके भावनात्मक जुड़ाव को समझता हूं। हम बिहार का गौरव वापस लाएंगे। जब दुनिया के अधिकांश स्थान शिक्षा से दूर थे, तब बिहार में नालंदा ग्लोबल इंस्टीट्यूट था। हमारी सरकार ने नालंदा और उसकी भावना को पुनर्जीवित किया है। भगवान बुद्ध की शिक्षाएं दुनिया को वैश्विक शांति के लिए प्रेरित कर रही हैं। जल्द ही, बिहार का 'मखाना' पूरी दुनिया में नाश्ते के मेनू का हिस्सा होगा।"












Click it and Unblock the Notifications