गुजरात चुनाव में रिकॉर्ड जीत के बाद वर्ल्ड मीडिया में हो रही PM मोदी की जय-जय, जानें किसने क्या लिखा
पीएम नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में भाजपा की इस जीत को विश्व मीडिया ने भी अपने अखबारों में प्रमुखता से स्थान दिया है। सभी अखबारों में पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की गई है।

Image: PTI
गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने गुजरात में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 156 सीटों पर कब्जा किया। 1960 में गुजरात की स्थापना के बाद से भाजपा की यह लगातार 7वीं जीत है। पीएम नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में भाजपा की इस जीत को विश्व मीडिया ने भी अपने अखबारों में प्रमुखता से स्थान दिया है।

पीएम मोदी ने BJP को नई ऊंचाई पर पहुंचायाः जापानी मीडिया
निक्केई एशिया, अल जजीरा, द स्ट्रेट्स, टाइम्स ऑफ सिंगापुर, इंडिपेंडेंट, एबीसी न्यूज आदि ने गुजरात में भाजपा की जीत के जश्न की तस्वीरों को अखबार में स्थान दिया है। ब्रिटेन से प्रकाशित अखबार द गार्जियन ने लिखा है कि पीएम मोदी ने अपनी पार्टी बीजेपी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। पीएम मोदी और भाजपा की ये जीत 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले पार्टी की स्थायी लोकप्रियता का संकेत है।

गुजरात की जनता को है मोदी पर गर्वः निक्केई एशिया
जापान के चर्चित अखबार द निक्केई एशिया ने भी इस जीत का श्रेय पीएम मोदी की लोकप्रियता को दिया है। अखबार लिखता है कि भाजपा 1995 के बाद से गुजरात में विधानसभा का चुनाव नहीं हारी है। नरेंद्र मोदी अपने गृह राज्य में बेतहाशा लोकप्रिय हैं, जहां उन्होंने 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले लगभग 13 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। जापानी दैनिक अखबार लिखता है कि मोदी ने राज्य में कई चुनावी रैलियां कीं, जिससे भाजपा के अभियान को उनकी स्टार पावर मिली। अखबार ने कहा, "गुजरात के वोटर्स को इस बात पर गर्व है कि नरेंद्र मोदी उनके राज्य से आते हैं और वे वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं।"

हिन्दू वोटों में गहरी एकताः अल जजीरा
यूके स्थित द इंडिपेंडेंट ने कहा कि गुजरात में रिकॉर्ड जीत 2024 में राष्ट्रीय चुनावों से पहले भाजपा के लिए एक बड़ा बढ़ावा है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अजय गुडवर्थी ने कतर के आउटलेट अल जजीरा में लिखा है कि गुजरात में भाजपा की आसान जीत हिंदू वोटों के एक गहरी एकता को दर्शाती है। पाकिस्तान के अखबार द दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है कि 2024 में होने वाले आमचुनाव से पहले भाजपा की मोदी के गृहनगर में मिली जीत हिन्दू राष्ट्रवादी पार्टी के लिए एक बड़ी बढ़त है।

पीएम मोदी ने गुजरात की जनता को दिया धन्यवाद
गुरुवार को पीएम मोदी ने ट्विटर पर गुजरात के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि गुजरात को धन्यवाद। अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत सारी भावनाओं से अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया है। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि सभी मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं को मैं कहना चाहता हूं कि आप में से हर एक कार्यकर्ता चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की असाधारण कड़ी मेहनत के बिना कभी भी संभव नहीं होगी, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।












Click it and Unblock the Notifications