पीएम मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से टेलीफोन पर की बात, इन बातों पर हुई चर्चा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की।
दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत वेस्ट एशिया के ताजा हालातों पर खासकर इजरायल-हमास संघर्ष पर भी केंदित रही। पीएम मोदी ने इस बातचीत की घोषणा सोशल मीडिया पर की।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''मोहम्मद बिन सलमान के साथ पश्चिम एशिया के हालातों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया और आतंकवाद, हिंसा और नागरिकों के जीवन के नुकसान के बारे में चिंताओं को साझा किया। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने को लेकर दोनों नेताओं ने सहमति जताई।"
आपको बता दें कि इजराइल और हमास के बीच बीते 81 दिनों से जंग छिड़ी हुई है। अभी तक दोनों देशों के बीच किसी प्रकार का शांति समझौता होता दिखाई नहीं दे रहा है। कई देशों के युद्धविराम को लेकर किए जा रहे प्रयास अब तक सफल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में पीएम मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच हुई बातचीत भी काफी अहम मानी जा रही है।
सितंबर में भारत दौरे पर आए थे क्राउन प्रिंस
इससे पहले सितंबर में भी सऊदी क्राउन प्रिंस जी20 के बाद भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे। इस दौरान पीएम मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच दो पक्षीय बातचीत हुई थी। दोनों देशों के बीच बातचीत के मुद्दे एनर्जी, सुरक्षा, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, खाद्य सुरक्षा, संस्कृति आदि से संबंधित रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications