खर्राटे भरने लगे दोनों पायलट, 37,000 फीट की ऊंचाई, कहां से पहुंच गया विमान ? जानिए
अदीस अबाबा, 19 अगस्त: एक विमान ऑटोपायलट मोड पर था। लेकिन, 37,000 फीट की ऊंचाई पर उसके दोनों पायलट गहरी नींद में सो गए थे। लैंडिंग का समय हो गया था। रनवे लैंडिंग के लिए तैयार किया जा चुका था। लेकिन, विमान ने जब फिर भी नीचे आना शुरू नहीं किया तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल की हवाइयां उड़नी शुरू हो गईं। पायलट को ताबड़तोड़ संदेश भेजे जाने लगे। लेकिन, उनकी नींद नहीं खुली। आखिरकार जब कॉकपिट के अंदर अलार्म बजने लगा तब, वह जागे। लेकिन, तबतक काफी देर हो चुकी थी।

विमान में सो गए दोनों पायलट
इथियोपिया एयरलाइंस के एक विमान के दोनों पायलट गहरी नींद में सो गए। यह घटना तब की है, जब वे सूडान की राजधानी खारतूम से इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा की उड़ान पर थे। पायलटों के नींद में होने की वजह से वह विमान अपनी निर्धारित लैंडिंग मिस कर गया। एविएशन हेराल्ड के मुताबिक यह घटना सोमवार की है। जब विमान संख्या ईटी343 एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचा, लेकिन नीचे उतरने का संकेत नहीं दिया तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल में हड़कंप मच गया। उन्होंने फॉरन ही अलर्ट जारी कर दिया।

अलार्म बजने पर पायलटों की खुली नींद
क्योंकि, पायलट खर्राटे भर रहे थे, इसलिए बोइंग 737 के ऑटोपायलट सिस्टम ने विमान की ऊंचाई को 37,000 फीट की ऊंचाई पर बरकरार रखा। एटीसी वाले लगातार पायलट से संपर्क की कोशिश में लगे रहे, लेकिन उनकी नींद नहीं खुली। जब विमान उस रनवे के ऊपर से गुजर गया, जहां उसे उतरना था, तब उसका ऑटोपायलट डिसकनेक्ट हो गया। ऐसा होते ही विमान में ऑटोमेटिक अलार्म बज उठा, जिसके बाद पायलटों की नींद खुली।

करीब आधे घंटे बाद लैंड कर पाया विमान
तब जाकर पायलटों ने विमान का कंट्रोल अपनी हाथों में लिया और विमान को आसमान का चक्कर कटवाना शुरू किया। करीब 25 मिनट तक हवा में रहने के बाद विमान की लैंडिंग हो पाई। संयोग से सबकुछ ठीक रहा और इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और विमान अदीस अबाबा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया। इस घटना की वजह से विमान की अगली उड़ान में 2.5 घंटे की देरी हो गई।

एविएशन एक्सपर्ट जता रहे हैं चिंता
एविएशन सर्विलांस सिस्टम एडीएस-बी के डेटा से इस घटना की पुष्टि होती है कि कैसे विमान रनवे के ऊपर से गुजर गया, लेकिन लैंडिंग मिस कर गया। इसने विमान के फ्लाइट पाथ की एक इमेज भी पोस्ट की है, जिसमें अदीस अबाबा एयरपोर्ट के पास एक इंफिनिटी आकार का लूप बना हुआ भी नजर आ रहा है। कई एविएशन एक्सपर्ट भी इस घटना पर चिंता जाहिर कर रहे हैं।
घटना बहुत ही चिंताजनक- एक्सपर्ट
एविएशन एनालिस्ट एलेक्स मैचर्स ने इसके बारे में ट्विटर पर अपनी पोस्ट में लिखा है,'अफ्रीका की सबसे बड़ी एयरलाइंस की घटना बहुत ही चिंताजनक है - इथियोपिया एयरलाइंस की बोइंग 737 ईटी343 जब अपने गंतव्य अदीस अबाबा पहुंची, तब भी यह 37,000 फीट की ऊंचाई पर थी। लैंडिंग के लिए विमान ने नीचे उतरना क्यों नहीं शुरू किया? दोनों पायलट सो रहे थे।'

मई में भी हो चुकी है ऐसी ही घटना
इसी तरह की एक घटना इसी साल मई में भी सुनने को मिली थी, जब न्यूयॉर्क से रोम की फ्लाइट के दोनों पायलय सो गए थे। तब विमान जमीन से 38,000 फीट की ऊंचाई उड़ान भर रहा था। बाद में एविएशन रेगुलेटर ने जांच में इस बात की पुष्टि भी की थी कि विमान के दोनों पायलट सो रहे थे, क्योंकि उनका एयरबस 330 फ्रांस के ऊपर से भी होकर गुजरा था। (तस्वीरें- सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications