नीलामी में 14 करोड़ में बिका ये खास कबूतर, इस वजह से लगी इतनी ऊंची बोली
इस कबूतर के लिए अलग-अलग रकम की बोलियां लगी, लेकिन आखिरकार 16 करोड़ रुपए में सौदा हुआ।
नई दिल्ली। कबूतर को अपने शांत और सीधे स्वभाव के लिए जाना जाता है, लेकिन जरा सोचिए कि अगर किसी कबूतर का नाम नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के नाम पर हो, तो वो कबूतर कैसा होगा। दरअसल पक्षियों से जुड़ी एक संस्था ने रविवार को कबूतरों के लिए एक ऑनलाइन नीलामी रखी और इस नीलामी में 'न्यू किम' नाम के एक मादा कबूतर को 14 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदा गया। अपनी इस कीमत के साथ 'न्यू किम' दुनिया का सबसे महंगा कबूतर बन गया है। 'न्यू किम' कबूतर को खरीदने वाला शख्स चीन से है, जिसके नाम का खुलासा नहीं हुआ है। (तस्वीरें साभार- फेसबुक/PIPA)

'न्यू किम' ने तोड़ा 11 करोड़ रुपए की बोली का रिकॉर्ड
एएफपी की खबर के मुताबिक, कबूतरों की अलग-अलग प्रजातियों के संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था पिजन पैराडाइज (PIPA) ने रविवार को बेल्जियम के ब्रसेल्स में एक ऑनलाइन नीलामी रखी थी। इसमें 'न्यू किम' नामक मादा कबूतर को नीलामी के लिए रखा गया और चीन के एक अज्ञात शख्स ने 1.6 मिलियन यूरो यानी करीब 14 करोड़ रुपए की बोली लगाकर इसे खरीद लिया। 'न्यू किम' ने उस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है, जिसमें पिछले साल अरमांडो नामक कबूतर को 11 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदा गया था।

रेसिंग कबूतर है न्यू किम
पिजन पैराडाइज (PIPA) के मुताबिक, न्यू किम एक अच्छी नस्ल का रेसिंग कबूतर है, जिसे केवल 200 यूरो की शुरुआती बोली के साथ नीलामी के लिए रखा गया था। पिजन पैराडाइज के चेयरमैन निकोलास गिसेलब्रैट ने बताया, 'मुझे विश्वास है कि ये एक विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले इतनी बड़ी कीमत पर किसी कबूतर की बिक्री का कोई ऑफिशियल रिकॉर्ड नहीं है। मुझे नहीं लगता कि आगे कोई कबूतर इतनी बड़ी रकम में बिक पाएगा।'

कबूतरों की रेस में छाए यूरोप के कबूतर
इससे पहले 'न्यू किम' साल 2018 में फ्रांस में आयोजित प्रतियोगिता 'Ace Pigeon Grand National Middle Distance' का ताज भी जीत चुका है। गौरतलब है कि वैश्विक तौर पर हाल के दिनों में यूरोप के पक्षियों की शीर्ष प्रजातियों ने काफी सुर्खियां बटोरीं हैं। खासकर चीन में होने वाली कबूतरों की रेस में यूरोप के कबूतर छाए हुए हैं। एशिया और खाड़ी देशों के रईस खरीदार ऊंची कीमतों पर ऐसे पक्षियों को खरीदते हैं, जिनके अंदर कई सौ किलोमीटर लंबी उड़ान भरने की क्षमता होती है।

बेल्जियम में रेसिंग पक्षियों की 20 हजार प्रजातियां
निकोलास गिसेलब्रैट ने बताया, 'अकेले बेल्जियम में रेसिंग पक्षियों की ऐसी 20 हजार प्रजातियां हैं, जो अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती हैं। न्यू किम को वर्ल्ड क्लास ट्रेनर ने ट्रेंड किया है और वो रेसिंग के मामले में बाकी कबूतरों से काफी आगे है। न्यू किम के अलावा रविवार को कुछ और रेसिंग कबूतरों की नीलामी हुई, जिन्हें बोली के बाद खरीद लिया गया।'












Click it and Unblock the Notifications