भारत में 80 फीसदी लोगों को PM मोदी पर भरोसा, जानिए किस देश में सबसे अधिक मिलता है इंडिया को प्यार: रिपोर्ट
G20 शिखर सम्मेलन को लेकर अगले सप्ताह दुनिया के शीर्ष देशों के नेता नई दिल्ली में एकत्रित होने रहे हैं। यह सम्मेलन पहली बार दक्षिण एशिया में आयोजित किया जा रहा है। इस बीच प्यू रिसर्च सेंटर ने भारत के वैश्विक स्तर पर प्रभाव को लेकर एक अध्ययन किया है। इसमें कई चौंका देने वाले खुलासे हुए हैं।
इस सर्वे में भारत सहित 24 देशों के 30,861 वयस्कों की प्रतिक्रियाओं के आधार पर परिणाम बताए गए हैं। अध्ययन में पिछले साल प्यू द्वारा किए गए अलग-अलग सर्वेक्षणों के परिणामों को भी शामिल किया गया है। इसमें कहा गया है कि मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण आज वैश्विक स्तर पर भारत की सकारात्मक छवि बनी है।

नया सर्वेक्षण भारत और उसके राजनीतिक नेताओं के भारत के अंदर और बाहर के विचारों के साथ-साथ अन्य देशों के बारे में भारतीयों के विचारों की जांच करता है। ये भारत के वैश्विक प्रभाव पर प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा किए गए एक प्रमुख नए अध्ययन के निष्कर्षों में से हैं।
प्यू रिसर्च सेंटर के शोध के मुताबिक अधिकांश देशों का झुकाव भारत की ओर सकारात्मक है। इस नए सर्वेक्षण में पाया गया है कि 23 देशों में भारत के बारे में विचार आम तौर पर सकारात्मक हैं। इन देशों के करीब 46 फीसदी वयस्क भारत के बारे में अच्छे विचार रखते हैं। इसके उटल करीब 24 फीसदी लोग भारत के बारे में प्रतिकूल राय रखते हैं।
सर्वे के मुताबिक लगभग दस में से सात भारतीयों का मानना है कि उनका देश हाल ही में अधिक प्रभावशाली हो गया है। 68 फीसदी भारतीय वयस्कों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव बढ़ा है, लेकिन दुनिया के 19 अन्य देशों में केवल 28 फीसदी वयस्क ही ऐसा सोचते हैं।
दुनिया भर के कई देशों में भारत को अधिक अच्छी दृष्टि से देखा जाता है। इजरायल में सबसे अधिक 71 फीसदी लोग भारत को पसंद करते हैं। ब्रिटेन में यह आंकड़ा 66 फीसदी है। अमेरिका में 51, कनाडा में 47 फीसदी लोग भारत से प्यार करते हैं।
कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलिया, इटली, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन, नीदरलैंड, जापान, ग्रीस, इजरायल आदि देशों में भारत को लेकर सकारात्मक विचार हैं और वे मानते हैं कि विश्व स्तर पर भारत की छवि बढ़ी है। वहीं, पोलैंड, मलेशिया, हंगरी, फ्रांस, सिंगापुर आदि देशों में भारत की विपरीत छवि है।
हालांकि 2008 के बाद से यूरोपीय देशों में भारत की अनुकूलता में गिरावट देखी गई है।
ब्रिटेन
ब्रिटेन में 66 फीसदी लोग भारत को पसंद करते हैं मगर 15 साल पहले 2008 में ये आंकड़ा 75 फीसदी था। ब्रिटेन में 2008 में महज 9 फीसदी लोग भारत को नापसंद करते थे अब ये आंकड़ा बढ़कर 30 फीसदी चला गया है।
जर्मनी
जर्मनी में 47 फीसदी लोग भारत को लेकर अच्छी राय रखते हैं मगर 2008 में यह आंकड़ा 60 फीसदी था। उस समय भारत को नापसंद करने वाले लोग 29 फीसदी थे वहीं अब ऐसे लोग 38 फीसदी हैं।
फ्रांस
फ्रांस में 2008 में 70 फीसदी लोग भारत को पसंद करते थे। 2023 में यह आंकड़ा महज 39 फीसदी रह गया है। 2008 में जहां 29 फीसदी लोग भारत को नापसंद करते थे अब 39 फीसदी लोग भारत को नापसंद करते हैं।
कितनी है मोदी की लोकप्रियता
प्यू रिसर्च के मुताबिक 79 फीसदी भारतीय वयस्कों ने पीएम मोदी के काम पर भरोसा जताया है। वहीं, 12 अन्य देशों के 37 फीसदी वयस्कों ने उनके काम की सराहना की है। 23 देशों के करीब 46 फीसदी वयस्क भारत के बारे में अच्छे विचार रखते हैं।
अमेरिका-रूस दोनों दोस्त मगर चीन है दुश्मन
65 फीसदी भारतीय अमेरिका को अपना मित्र मानते हैं। वहीं रूस को लेकर ऐसा ही विचार 57 फीसदी भारतीयों का है। वहीं चीन को लेकर सिर्फ 26 फीसदी लोग सकारात्मक राय रखते हैं।
गौरतलब है कि जहां 57 फीसदी भारतीय, रूस को पसंद करते हैं बाकी 22देशों में सिर्फ 14 फीसदी लोग रूस के बारे में सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं। वहीं चीन को लेकर भारत और बाकी दुनिया की राय लगभग समान है। भारत सहित अन्य 22 देशों में चीन को 28 फीसदी लोगों द्वारा पसंद किया जाता है।
पाकिस्तान को लेकर नहीं बदली स्थिति
भारत में पाकिस्तान के प्रति नकारात्मक रवैया बरकरार है। लगभग तीन-चौथाई भारतीय वयस्क पाकिस्तान के प्रति प्रतिकूल दृष्टिकोण रखते हैं। इसमें 57 फीसदी ऐसे लोग शामिल हैं जिनकी राय बहुत प्रतिकूल है।












Click it and Unblock the Notifications