अपने आप उबल रहा इस रहस्यमयी नदी का पानी, ले चुका हजारों जानवरों की जान
नई दिल्ली, 7 नवंबर: प्रकृति अपने आप में बहुत से रहस्य समेटे हुए है। कुछ को तो वैज्ञानिकों ने सुलझा लिया, लेकिन बहुत सी प्राकृतिक चीजें ऐसी हैं, जिनके बारे में किसी को नहीं पता। अब एक नदी का किस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसका पानी 24 घंटे उबलता रहता है। अगर आप इसमें नहाने की कोशिश करेंगे, तो आपका पूरा शरीर जल जाएगा। इसकी वजह से हजारों जानवरों की जान भी जा चुकी है।

पेरू में है नदी
जिस नदी की हम बात कर रहे हैं, वो पेरू में स्थित है। स्थानीय लोग इसे बॉयलिंग रिवर (Boiling River) कहते हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि नदी के नीचे ज्वालामुखी होगा, जिस वजह से पानी उबल रहा, लेकिन ये पूरी तरह से गलत है। वहां पर लावा और ज्वालामुखी का नामोनिशान तक नहीं है। फिर भी 7 किलोमीटर लंबी नदी का पानी उबाल मरता रहता है।

दुनिया की सबसे बड़ी थर्मल नदी
वैज्ञानिकों के मुताबिक 80 फीट चौड़ी और 16 फीट तक गहरी इस नदी को दुनिया की सबसे बड़ी थर्मल नदी कहा जाता है। कभी-कभी इसका तापमान 90 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा हो जाता है। इसके आसपास जंगल है, जहां पर बहुत से जानवर रहते हैं। आमतौर पर जब जानवर नदी में गिरते हैं तो वो तैर कर बाहर निकल जाते हैं, लेकिन इसमें गिरने पर उनकी मौत हो जाती है। इसमें मछलियां, मेंढक जैसे जलीय जीव भी नहीं पाए जाते हैं।

ये है वजह
वैसे बहुत सालों पहले वैज्ञानिकों ने इस पर रिसर्च की थी। उस दौरान पता चला कि ये हॉट स्प्रिंग है। आमतौर पर धरती के अंदर की कुछ परतें गर्म होती हैं। ये पानी धरती के उन्हीं हिस्सों से निकलता है। ऐसे में इसका पानी साल के 365 दिन उबलता रहता है। आसपास रहने वाले लोग इस नदी को पवित्र मानते हैं और इसके पानी का उपयोग घाव/चोट आदि को ठीक करने के लिए करते हैं। हालांकि जब नदी का पानी उद्गम स्थल से आगे बढ़ता है, तो उसकी गर्मी कम होती जाती है।

भारत में भी ऐसे स्रोत
जब भी आप हिमालय में जाएंगे, तो आपको वहां पर गर्म पानी के बहुत से स्रोत मिल जाएंगे। वैज्ञानिकों के मुताबिक हिमालय में कई जगहों पर सल्फर के पहाड़ हैं, जब भी पानी उनसे निकलकर आता है, तो वो अपने आप गर्म हो जाता है। ऐसे जलाशयों को अपने देश में भी काफी पवित्र माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications