भारत के मुसलमानों पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ यूएन में बोले

शहबाज़ शरीफ़
Reuters
शहबाज़ शरीफ़

प्रमुख बातें

  • पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र आम सभा को संबोधित दिया
  • शरीफ़ ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा कि वहाँ मुसलमानों के ख़िलाफ़ उत्पीड़न का अभियान जारी है
  • पाकिस्तानी पीएम ने कहा- भारत के मुसलमान भेदभावपूर्ण क़ानून, हिजाब बैन, मस्जिदों पर हमले और लिंचिंग का शिकार बन रहे
  • उन्होंने कहा पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ शांति चाहता है
  • शहबाज़ ने अपने देश में आई भयंकर बाढ़ का ज़िक्र भी किया और राष्ट्रपति बाइडन का धन्यवाद भी कहा

अमेरिका के न्यूयॉर्क में जारी संयुक्त राष्ट्र की 77वीं आम सभा में शुक्रवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने अपने देश में आई बाढ़ से लेकर भारत, इसराइल, फ़लस्तीन, इस्लामोफ़ोबिया और कश्मीर तक पर अपनी बात रखी है.

शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान के सिंध और बलूचिस्तान प्रांतों में आई भारी बाढ़ से अपनी बात की शुरुआत करते हुए उन्होंने भारत से शांति तक पर अपनी बात रखी.

भारत पर बोलते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, ''भारत के 20 करोड़ मुसलमानों के ख़िलाफ़ उत्पीड़न का आधिकारिक रूप से प्रायोजित अभियान चल रहा है जो कि इस्लामोफ़ोबिया का सबसे ख़राब रूप है. मुसलमान भेदभावपूर्ण क़ानून और नीतियों, हिजाब बैन, मस्जिदों पर हमले और हिंदुओं की भीड़ की लिंचिंग के शिकार बन रहे हैं.''

https://twitter.com/CMShehbaz/status/1573363237999243266

शहबाज़ शरीफ़ ने इसके बाद भी भारत के ख़िलाफ़ बोलना जारी रखा. उन्होंने कहा कि वो ख़ासतौर पर भारत के कुछ अतिवादी समूहों को लेकर चिंतित हैं जिन्होंने मुसलमानों के ख़िलाफ़ 'जनसंहार' की अपील की हुई है.

उन्होंने कहा, "इस्लामोफ़ोबिया अब एक वैश्विक तथ्य है. 9/11 के बाद से मुसलमानों के ख़िलाफ़ डर, उनको लेकर शक और उनके साथ भेदभाव महामारी के अनुपात में बढ़ा है."

"पाकिस्तान सभी तरह के आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा करता है. आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है. यह रूढ़िवाद, ग़रीबी, अभाव, अन्याय और अज्ञानता और निहित स्वार्थों के ज़रिए फैलाया गया होता है."

इसके बाद शहबाज़ शरीफ़ ने एक बार फिर वही बात कही जो इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान कहते रहे हैं. शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि 'पाकिस्तान आतंकवाद से मुख्य तौर पर पीड़ित रहा है. बीते दो दशकों में हमने आतंकी हमलों की वजह से 80 हज़ार लोगों की जान और 150 अरब डॉलर का आर्थिक नुक़सान उठाया है.'

भारत पर और क्या बोले


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अपने आधे घंटे के भाषण में शांति और कश्मीर समाधान का ज़िक्र भी किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ शांति चाहता है, जिसमें भारत भी शामिल है. इसके बाद उन्होंने यह भी जोड़ा की दक्षिण एशिया की शांति और स्थिरता कश्मीर विवाद के समाधान पर निर्भर करती है.

उन्होंने कहा, ''इस लंबे समय से चले आ रहे (कश्मीर) विवाद के केंद्र में कश्मीर के लोगों को आत्मनिर्णय का अधिकार न देना है. कश्मीरियों के ख़िलाफ़ भारत लगातार दमन का अभियान चला रहा है, जिसमें बराबर तेज़ी जारी है. कश्मीरियों का कई तरीक़ों से दमन हो रहा है, जिसमें एक्स्ट्रा जुडिशिल किलिंग्स, क़ैद करना, हिरासत में उत्पीड़न और मौत, अंधाधुंध बल प्रयोग, पैलेट गन से कश्मीरी युवाओं को जानबूझकर निशाना बनाना और पूरे समुदाय को सामूहिक दंड देना शामिल है.''

शहबाज़ शरीफ़
Reuters
शहबाज़ शरीफ़

शहबाज़ शरीफ़ ने भारत पर आरोप लगाया कि वो अवैध डेमोग्राफ़िक बदलावों के ज़रिए मुस्लिम बहुल जम्मू-कश्मीर को हिंदू बहुल क्षेत्र में तब्दील कर रहा है.

पाकिस्तानी पीएम ने कहा, "पाकिस्तान के लोग हमारे कश्मीरी भाई-बहनों के साथ हमेशा से उनके साथ एकजुटता से खड़े रहे हैं और वो तब तक खड़े रहेंगे जब तक कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत आत्म-निर्णय का अधिकार नहीं मिल जाता."

इसके बाद शहबाज़ शरीफ़ ने भारत को नसीहत देते हुए कहा, 'भारत को अपनी ईमानदारी का प्रदर्शन करना चाहिए और 15 अगस्त 2019 को लिए गए अवैध फ़ैसले को पलटते हुए शांति और बातचीत के रास्ते पर चलना चाहिए.''

हालांकि भारत कई बार यह दोहरा चुका है कि जम्मू-कश्मीर उसका अंदरूनी मामला है और वो उसका हमेशा से अभिन्न अंग रहा है और आगे भी रहेगा.

भारत का कहना है कि उसके पाकिस्तान से तब तक संबंध सामान्य नहीं रह सकते हैं, जब तक कि उसका वातावरण आतंक, हिंसा और दुश्मनी से मुक्त नहीं होगा.


शहबाज़ ने संयुक्त राष्ट्र में और क्या-क्या कहा

  • मुझे लगता है कि भारत को यह संदेश समझना चाहिए कि दोनों देशों के पास बहुत सारे हथियार मौजूद हैं लेकिन युद्ध कोई विकल्प नहीं है.
  • केवल शांतिपूर्ण बातचीत ही इन मुद्दों को सुलझा सकती है ताकि आने वाले समय में दुनिया और शांतिपूर्ण बन सके.
  • हम अपने भारतीय समकक्षों से कहना चाहते हैं कि बैठकर बात करें ताकि भविष्य का रास्त साफ़ हो और हमारी पीढ़ियां पीड़ित न हों और हम अपने संसाधनों को दुखों को कम करने में ख़र्च करें.
  • भारत को एक निर्माणकारी जुड़ाव के लिए वातावरण बनाने की ज़रूरत है. हम पड़ोसी हैं और हम हमेशा रहेंगे. यह हमारी इच्छा है कि हम शांति में रहें या एक-दूसरे से लड़ते रहें. 1947 से अब तक तीन युद्ध हो चुके हैं. नतीजा यह हुआ कि दोनों तरफ सिर्फ बदहाली, ग़रीबी और बेरोज़गारी बढ़ी है.
  • भारत और पाकिस्तान को अब और हथियारों को ख़रीदने और तनाव को बढ़ाने में अपने और संसाधन नहीं ख़र्च करने चाहिए.
  • पाकिस्तान की अभी प्राथमिकता तेज़ी से आर्थिक विकास सुनिश्चित करना और लाखों लोगों को ग़रीबी और भुखमरी से बाहर निकालना है.
  • बीते 40 दिनों और 40 रातों से हम पर बाढ़ का क़हर जारी है जिसने शताब्दी पुराने मौसम रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है.
  • 3.3 करोड़ लोग जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं वो स्वास्थ्य ख़तरों की चपेट में हैं जिनमें 6.5 लाख महिलाओं ने तंबुओं में बच्चों को जन्म दिया है.
  • पाकिस्तान ने जलवायु परिवर्तन के असर का इतना कठोर और विनाशकारी उदाहरण कभी नहीं देखा. पाकिस्तान की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल गई है.
  • मेरे लोगों को इतने बड़े स्तर के जलवायु परिवर्तन की क़ीमत क्यों अदा करनी चाहिए.

बाइडन और शहबाज़ की मुलाक़ात

वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाक़ात की है जिस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति हमदर्दी दिखाने के लिए उनका शुक्रिया कहा है.

संयुक्त राष्ट्र महासभा में आए विश्व के नेताओं के लिए राष्ट्रपति बाइडन ने एक रिसेप्शन का आयोजन किया था जिस दौरान दोनों नेताओं की मुलाक़ात हुई.

https://twitter.com/PakinUSA/status/1573248989322944512

शुक्रवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालाय ने बयान जारी किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने बाढ़ में मारे गए हज़ारों लोगों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की है.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस दौरान कहा कि वो इस कठिन मानवीय संकट से निकलने के लिए मदद जारी रखेंगे.

पाकिस्तान में भाषण की चर्चा


संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए शहबाज़ शरीफ़ के भाषण के बाद पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर इस भाषण को लेकर बहस तेज़ हो गई है.

शहबाज़ शरीफ़ के समर्थक जहां उनके भाषण के लिए उनकी दाद दे रहे हैं वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के समर्थक उनके भाषण की आलोचना कर रहे हैं.

इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई की महिला विंग की अध्यक्ष कंवल शौज़ाब ने इमरान ख़ान के पिछले भाषण के दौरान यूएन के हॉल की कुर्सियां और शहबाज़ शरीफ़ के भाषण के दौरान ख़ाली कुर्सियों की तस्वीरें ट्वीट की हैं.

कंवल ने लिखा है, "जब मुस्लिम उम्मत का सच्चा नेता बोलता है तो दुनिया के बड़े-बड़े राजा बैठकर सुनते हैं."

https://twitter.com/KanwalMna/status/1573418955141701638

अनस हफ़ीज़ ने ट्वीट किया कि, "इमरान ख़ान ने जनरल असेंबली में कश्मीर का मामला कुछ इस अंदाज़ में पूरी दुनिया के सामने उठाया था."

https://twitter.com/PakForeverIA/status/1573393825170685957

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के भारत पर इतने आरोप लगाने के बाद अब भारत की ओर से प्रतिक्रिया का इंतज़ार है. उम्मीद की जा रही है कि शनिवार को भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान पाकिस्तान को कोई न कोई जवाब ज़रूर देंगे.


ये भी पढ़ें..


(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+