Video:'हमारा पानी रोका तो तुम्हारी सांसें रोक देंगे', हाफिज सईद की जुबान बोला पाकिस्तानी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद
Pakistani military Ahmed Sharif Chaudhry: पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने हाल ही में भारत के खिलाफ नफरत भरे बयान दिए, जो कहीं न कहीं आतंकवादी हाफिज सईद की पुरानी बयानबाजी की याद दिलाते हैं। हाफिज सईद 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के पीछे का मास्टरमाइंड है। हाफिज सईद का भारत और अमेरिका के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का इतिहास रहा है।
पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता अहमद चौधरी पाकिस्तान की एक यूनिवर्सिटी में भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को निलंबित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा, "अगर तुम हमारा पानी रोकोगे, तो हम तुम्हारी सांसें रोक देंगे।" ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सिंधु जल संधि, जो विश्व बैंक (World Bank) की मध्यस्थता में हुई थी, भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और इसकी पांच सहायक नदियों, सतलुज, ब्यास, रावी, झेलम और चिनाब, के जल बंटवारे और प्रबंधन से जुड़ी शर्तों को तय करती है। पहलगाम आतंकी हमलों के बाद भारत ने सिंधु जल संधि खत्म कर दिया है।
हाफिज सईद ने कहा था- न दरियों में तेरा खून ही बहेगा
अहमद शरीफ चौधरी का ये बयान लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के बयानबाजी से साफ-साफ मिलती है। हाफिज सईद को भी एक वीडियो में बोलते हुए सुना जा सकता है कि 'अगर तू पानी बंद करेगा तो इंशाअल्लाह, हम तेरी सांस बंद कर देंगे। इन दरियों में तेरा खून ही बहेगा।'
भारत ने भी किया साफ- "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते"
इस बीच भारत ने कई मौकों पर दोटूक कहा है कि "खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते"। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने 23 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए। इनमें सबसे अहम था सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला, जिसे भारत ने तब तक के लिए स्थगित कर दिया है, जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवाद को समर्थन देना पूरी तरह बंद नहीं कर देता।
इसके साथ ही अटारी बॉर्डर पर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया था। ये कदम भारत की कड़ी और स्पष्ट नीति को दिखाते हैं कि आतंक और संवाद एक साथ नहीं चल सकते।












Click it and Unblock the Notifications