पाकिस्तान में अंडरवर्ल्ड डॉन अमीर बालाज टीपू की गोली मारकर हत्या, फायरिंग करने वाले अज्ञात शख्स को भी लगी गोली
Ameer Balaj Tipu: लाहौर के अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का एक प्रमुख चेहरा और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के मालिक अमीर बालाज टीपू की रविवार को चुंग इलाके में एक शादी समारोह के दौरान एक अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर ने बालाज पर गोलियां चलानी शुरू कर दी और गोलीबारी के दौरान तीन अन्य मेहमान भी घायल हो गए।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, फायरिंग के बाद बालाज के साथियों ने भी जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे गोली चलाने वाले उस अज्ञात शख्स को भी गोली लगी है। वहीं, बालाज को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉन के मुताबिक, बालाज ने जिन्ना अस्पताल में दम तोड़ दिया। जिसके बाद अस्पताल के बाहर भारी संख्या में लोग जुट गये और उसके समर्थकों में काफी आक्रोश था। वहीं, अस्पताल के बाहर कई महिलाओं को भी रोते देखा गया।
रंजिश की वजह से कत्ल की आशंका
डॉन की रिपोर्ट में डॉक्टरों के हवाले से कहा गया है, कि बालाज के सीने में चार गोलियां मारी गई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि बालाज हाल ही में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) छोड़ने के बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) में शामिल हुआ था।
वहीं, जांच अधिकारियों ने क्षेत्र को सील कर दिया है और हमले के पीछे के मकसद को उजागर करने और हमलावर की पहचान करने के इरादे से घटना की गहन जांच शुरू कर दी है। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बालाज को लाहौर के अंडरवर्ल्ड में सबसे प्रभावशाली और खतरनाक व्यक्तित्वों में से एक माना जाता था, लिहाजा माना जा रहा है, कि रंजिश की वजह से भी बालाज की हत्या की गई होगी। उसके परिवार का भी हिंसा का इतिहास रहा है, और बालाज के दादा भी सदियों पुराने झगड़े में उलझे हुए हैं और हत्या के पीछे ये भी एक वजह हो सकती है।
बालाज के पिता आरिफ अमीर उर्फ टीपू ट्रकनवाला खुद 2010 में अल्लामा इकबाल हवाई अड्डे पर एक घातक हमले का शिकार हो गए थे और गोलीबारी के दौरान लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। समा टीवी के मुताबिक, बालाज को लाहौर के अंडरवर्ल्ड के उन कुछ डॉन में से एक माना जाता था, जिनकी पीढ़ियों से दुश्मनी थी।












Click it and Unblock the Notifications