J-35 stealth fighters: चीन से 40 स्टील्थ फाइटर जेट खरीद सकता है पाकिस्तान, भारत के लिए कितना बड़ा खतरा?
J-35 stealth fighters: पाकिस्तान के पास भले ही खाने के लिए आटा ना हो और भले ही उसे डॉलर्स के लिए बार बार IMF से भीख मांगना पड़ता हो, लेकिन विनाशक हथियारों को जुटाने की उसकी ख्वाहिश कभी कम नहीं होगी, भले ही देश की जनता एक एक रोटी के लिए तरसे।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने चीन से 40 J-35, स्टेल्थ लड़ाकू विमान खरीदने की योजना बनाई है। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि अगर पाकिस्तान और चीन के बीच फाइटर जेट के लिए डील हो जाती है, तो पाकिस्तान, चीन के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों का पहला ग्राहक बनेगा।

अखबार ने कहा है, कि पाकिस्तान चीनी स्टेल्थ फाइटर जेट खरीदकर भारत के खिलाफ शक्ति संतुलन हासिल करना चाहता है, जिसके बेड़े में राफेल फाइटर जेट जैसे विमान हैं।
चीन से स्टेल्थ फाइटर जेट खरीदेगा पाकिस्तान (Pakistan to buy J-35 stealth fighters from China)
पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है, कि पाकिस्तान वायु सेना (PAF) ने 40 विमानों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इन विमानों की आपूर्ति दो साल के भीतर होने की उम्मीद है, जो पाकिस्तान के पुराने हो रहे अमेरिकी F-16 विमानों के साथ-साथ फ्रांसीसी मिराज लड़ाकू विमानों की जगह लेंगे।
गौरतलब है कि पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों की खरीद का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब पाकिस्तान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। हालांकि, चीन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है या आधिकारिक तौर पर इस तरह के सौदे का कोई जिक्र नहीं किया गया है।
पाकिस्तान द्वारा चीनी जेट विमानों की खरीद के बारे में अटकलें तब तेज हो गईं, जब पाकिस्तानी एयरफोर्स के शीर्ष अधिकारियों ने झुहाई शहर में आयोजित वार्षिक एयर शो में भाग लिया था, जहां चीनी जेट्स ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। पिछली रिपोर्टों के मुताबिक, J-35 के भूमि आधारित संस्करण को जे-31 कहा जाता था। चीन वर्तमान में इस क्षेत्र का एकमात्र देश है, जिसने स्टेल्थ फाइटर जेट्स विकसित कर लिए हैं।
चीनी फाइटर जेट्स पर पाकिस्तान ने क्या कहा? (Pakistan China Fighter Jet Deal)
SCMP की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी में पाकिस्तानी एयरफोर्स के प्रमुख एयर मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू ने कहा था, कि "J-31 स्टेल्थ लड़ाकू विमान खरीदने की नींव पहले ही रखी जा चुकी है।"
आपको बता दें, कि चीन और पाकिस्तान के बीच काफी करीबी सैन्य संबंध बन चुके हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच होने वाली डील काफी गोपनीय रखी जाती है। लिहाजा, इस फाइटर जेट को लेकर भी दोनों देशों के बीच किस तरह की डील की गई है, या की जा रही है, इसकी सटीक जानकारी हासिल करना काफी मुश्किल है। बीजिंग, भारत पर दबाव बढ़ाने के लिए पाकिस्तान की सेना के तीनों अंगों के आधुनिकीकरण में मदद कर रहा है।
चीन ने पाकिस्तान को J-17 थंडर लड़ाकू जेट को संयुक्त रूप से विकसित करने और संचालित करने में मदद की है, जो पाकिस्तानी एयरफोर्स का सबसे प्रमुख फाइटर जेट है।
चीन ने पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तानी नौसेना को चार एडवांस नौसैनिक फ्रिगेट दिए हैं, ताकि वह हिंद महासागर और अरब सागर में अपनी नौसेना के साथ बड़ी भूमिका निभा सके।
इसके अलावा, पिछले महीने चीन की सेना PLA के प्रमुख झांग यूक्सिया ने पाकिस्तान की यात्रा की थी, इस दौरान पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के साथ उनकी बैठक की गई थी और माना जा रहा है, कि इस बैठक के दौरान फाइटर जेट के अधिग्रहण को लेकर बातचीत की गई है।
जनरल झांग केंद्रीय सैन्य आयोग (CMC) के उपाध्यक्ष हैं, जो राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अध्यक्षता वाली चीनी सेना की सेंट्रल कमान है।
इस बातचीत के बाद पाकिस्तानी सेना के मीडिया सेल ISPR की तरफ से जारी एक रीडआउट में कहा गया था, कि उनकी बातचीत "पारस्परिक हितों के मामलों, क्षेत्रीय सुरक्षा गतिशीलता, क्षेत्रीय स्थिरता के उपायों और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को बढ़ाने" पर केंद्रित थी।
जनरल झांग की यात्रा आतंकवाद विरोधी अभ्यास में भाग लेने के लिए 300 चीनी सैनिकों के पाकिस्तान पहुंचने के बाद हुई थी।
पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन पाकिस्तान पर दबाव बना रहा है, कि वह अपनी सुरक्षा फर्मों को चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) की परियोजनाओं पर काम कर रहे लगभग 20,000 चीनी कर्मियों की सुरक्षा करने की अनुमति दे, जो पाकिस्तान में आतंकवादी समूहों के हमलों का शिकार हो रहे हैं।
पाकिस्तान का कहना है, कि उसने चीनी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए 30,000 से ज्यादा सैन्य और अर्धसैनिक कर्मियों को तैनात किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान कथित तौर पर संप्रभुता संबंधी चिंताओं के कारण चीनी सैनिकों को तैनात करने के बीजिंग के दबाव का विरोध कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications