UN में जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाने से बाज नहीं आया पाक, भारत ने याद दिलाया पुराना इतिहास
संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को उठाने को लेकर भारत ने पाकिस्तान को फटकार लगाई है।
वाशिंगटन, 03 जूनः संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को उठाने को लेकर भारत ने पाकिस्तान को फटकार लगाई है। भारत ने कहा कि पड़ोसी देश इस बात का जीवंत उदाहरण है कि कैसे कोई राष्ट्र नरसंहार और जातीय सफाये जैसे गंभीर अपराधों पर जवाबदेही से बचता रहता है।

भारत मुंहतोड़ जवाब देता रहेगा
भारत ने कहा कि वह सीमा पार से आतंकवादी गतिविधियों का जवाब देने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाना जारी रखेगा। संयुक्त राष्ट्र में बहस की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्षता अल्बानिया ने की। इस दौरान भारत की तरफ से डॉ. काजल भट ने बृहस्पतिवार को सुरक्षा परिषद में कहा कि उन्हें पाकिस्तान के प्रतिनिधि द्वारा फैलाए गए कुछ झूठ और दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार का जवाब देना पड़ रहा है, क्योंकि वह इस तरह की हरकत करने के आदी हैं।

दिलाई बांग्लादेश की याद
काजल भट्ट ने कहा कि 50 साल पहले पूर्वी पाकिस्तान में नरसंहार के पाकिस्तान के शर्मनाक इतिहास के कारण बांग्लादेश अस्तित्व में आया था, लेकिन इसे कभी स्वीकारा नहीं गया। न ही इसके लिए कभी माफी मांगी गई। इसके साथ न ही कोई जवाबदेही तय की गई। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान द्वारा आतंकी शासन के परिणामस्वरूप हजारों लोगों का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। कई हजार महिलाओं का बलात्कार हुआ।

परिषद की गरिमा भंग न करे पाक
एक दिन पहले परिषद में बोलते हुए विदेश राज्य मंत्री डॉ राजकुमार सिंह ने कहा था कि जवाबदेही और न्याय को राजनीतिक न्याय से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रतिनिधि सुरक्षा परिषद के सामने एक जीता-जागता उदाहरण पेश करते हैं कि कैसे एक देश नरसंहार और जातीय सफाये के गंभीर अपराधों को लेकर जवाबदेही से बचना जारी रखता है।

पाकिस्तान पर किया तंज
मंत्री राजकुमार सिंह ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा कि शायद इस पर विचार करने की बात कहना भी बहुत बड़ी मांग हो जाएगी, लेकिन वह कम से कम इतना तो कर सकते हैं कि इस परिषद की गरिमा न भंग करें। उन्होंने कहा कि आतंकवाद आज मानव जाति के सामने सबसे बड़ा खतरा है। यह सामाजिक तनाव को बढ़ाता है, समाज को अस्थिरता और हिंसा की ओर धकेल देता है।












Click it and Unblock the Notifications