पश्चिमी देशों के राजनयिकों पर भड़के इमरान खान, बोले- क्या हम आपके गुलाम हैं, भारत के साथ तो ये नहीं किया
इस्लामाबाद, 07 मार्च। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हाल ही में रूस का दौरा किया था। यह दौरा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के बीच हुआ था, जिसके बाद इसको लेकर काफी चर्चा हुई थी। जिस तरह से रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है उसके बाद दुनियाभर के देश रूस की आलोचना कर रहे हैं और उसपर अलग-अलग तरह के आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान पर भी इस बात को लेकर भारी दबाव है कि वह रूस की इस कार्रवाई के खिलाफ अपनी राय सामने रखें। लेकिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री फिलहाल ऐसा करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।

रूस की आलोचना का है दबाव
दरअसल पाकिस्तान के इस्लामाबाद में पश्चिमी देशों के प्रतिनिधियों की ओर से इमरान खान पर रूस की आलोचना करने के लिए दबाव बनाए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। जिसपर इमरान खान ने अपनी दो टूक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आपको क्या लगता है कि हम आपके गुलाम हैं। बता दें कि 1 मार्च को पाकिस्तान में 22 विदेशी प्रतिनिधियों जिसमे यूरोपियन यूनियन के देश भी शामिल हैं उन्होंने एक साझा पत्र जारी किया था और पाकिस्तान से अपील की थी कि वह यूएन में यूक्रेन के खिलाफ रूस की कार्रवाई की आलोचना करे।

हम आपके गुलाम नहीं हैं
हालांकि ऐसा बहुत ही कम होता है कि इस तरह के पत्र सार्वजनिक किए जाएं। लेकिन जिस तरह से विदेशी प्रतिनिधियों ने यह पत्र जारी किया उसपर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने नाराजगी जाहिर की है। इमरान खान ने कहा कि आप हमारे बारे में क्या सोचते हो। क्या हम आपके गुलाम हैं कि आप जो भी कुछ कहोगे, हम वो करेंगे। इमरान खान ने यह बयान एक राजनीतिक रैली को संबोधित करते हुए दिया। बता दें कि यूएन में पाकिस्तान ने रूस के खिलाफ वोट करने से इनकार कर दिया था।

क्या भारत के लिए आपने ऐसा पत्र लिखा
इमरान खान ने रैली को संबोधित करते हुए मैं यूरोपियन यूनियन के राजदूतों से पूछना चाहता हूं कि क्या आपने इस तरह के पत्र भारत को लिखे। पाकिस्तान को इसका बहुत खामियाजा भुगतना पड़ा है क्योंकि हमने अफगानिस्तान में नाटो की फोर्स का समर्थन किया था, हमारी तारीफ होने की बजाए हमपर निशाना साधा गया। बता दें कि इमरान खान जब पिछले महीने मॉस्को का दौरा किया था तो इस दौरे पर उन्होंने व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद रूस की सेना ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था।

हम सबके दोस्त
इमरान खान ने कहा कि हम रूस के दोस्त हैं, हम अमेरिका के भी दोस्त हैं। हम चीन के भी दोस्त हैं और यूरोप के भी दोस्त हैं। हम किसी कैंप में नहीं हैं। पाकिस्तान इस पूरे मसले पर न्यूट्रल रहेगा और उन लोगों के साथ मिलकर काम करेगा जो यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को खत्म करने की कोशिश करेंगे। बता दें कि शुक्रवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि यह सामान्य तौर पर नहीं होता है कि राजनयिक अपने पत्र को सार्वजनिक करें, हमने यह स्पष्ट कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications