इमरान खान सरकार के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, सत्तापक्ष से 24 सदस्यों के समर्थन का दावा
इस्लामाबाद, 08 मार्च: पाकिस्तान के विपक्षी दल इमरान खान के नेतृत्व वाली पीटीआई सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं। पाक मीडिया के मुताबिक, मंगलवार को विपक्ष ने इमरान खान सरकार के खिलाफ नेशनल असेंबली सचिवालय में अविश्वास प्रस्ताव दिया है। स्पीकर असद कैसर के ऑफिस में ना मिलने पर विपक्ष ने सचिवालय में अपना प्रस्ताव जमा किया। विपक्ष की ओर से कहा गया है कि सत्ता पक्ष के कुछ मेंबर उनके साथ हैं और वो सरकार गिरा देंगे।

पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने भरोसा जताया है कि प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ उनका अविश्वास प्रस्ताव सफल होगा और ये सरकार जाएगी। वहीं सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीके इंसाफ की ओर से कहा गया है कि सभी सहयोगी उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके पास पूर्ण बहुमत है। अविश्वास प्रस्ताव पेश होने की स्थिति में दोनों पक्ष नेशनल असेंबली (एमएनए) में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
इमरान खान ने विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव के योजना पर कहा कि सभी गठबंधन सहयोगी उनके साथ हैं और उनकी सरकार को कोई समस्या नहीं है। इमरान खान ने शनिवार को नेशनल असेंबली में पार्टी सदस्यों से कहा कि विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर कदम बढ़ाए, उनको दिक्कत नहीं है।
दूसरी ओर विपक्ष के प्रमुख नेता- पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, मौलाना फजलुर रहमान और दूसरे नेताओं ने प्रधान मंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने और नेशनल असेंबली सेशन बुलाने की मांग दोहराई है। विपक्ष ने कहा है कि इमरान सरकार ने महंगाई बेतहाशा बढ़ा दी है और कर्ज के बदले बदले वो अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष को पाकिस्तान की संप्रभुता को बेच रहे हैं।
क्या है अविश्वास प्रस्ताव पास होने का गणित?
पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों के पास कुल 162 एमएनए (नेशनल एसेंबली मेंबर) हैं। 342 एमएनए वाली एसेंबली में प्रस्ताव पारित करने के लिए विपक्ष को 10 और वोटों की जरूरत है। विपक्ष का दावा है कि उसने सरकार के 24 सदस्यों का समर्थन हासिल कर लिया है और वह आसानी से इमरान खान सरकार को गिरा देगा। मुख्य विपक्षी दलों में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज और जेयूआई-एफ शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications