Pakistan: तीर्थ पर पाकिस्तान गई सरबजीत ने मुस्लिम से की थी शादी, अब हुई गिरफ्तार, जानें क्यों?
Pakistan: पंजाब की रहने वाली सरबजीत कौर नवंबर महीने में ननकाना साहिब की तीर्थयात्रा पर गई थीं, लेकिन तय समय पर भारत नहीं लौटीं। इसके बाद पता चलता है कि उन्होंने एक पाकिस्तानी मुस्लिम शख्स से निकाह कर लिया है। अब उन्हें पाकिस्तान में गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उन पर एक्शन लिया जा रहा है।
ननकाना साहिब यात्रा के दौरान हुई थीं लापता
सरबजीत कौर नवंबर में गुरु नानक देव की जयंती के मौके पर सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं। इसी दौरान वह जत्थे से अलग हो गईं और बाद में लापता बताई गईं। कुछ दिनों बाद सामने आया कि उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया है और शेखूपुरा के रहने वाले नासिर हुसैन से शादी कर ली है। इस घटना के बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

खुफिया एजेंसियों की कार्रवाई
इस पूरे मामले में पाकिस्तानी खुफिया ब्यूरो और स्थानीय पुलिस ने सरबजीत कौर और नासिर हुसैन को हिरासत में लिया था। इसके बाद पाकिस्तानी सरकार ने सरबजीत को भारत भेजने का फैसला किया। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सोमवार शाम अटारी-वाघा सीमा चौकी पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा, जहां से वह भारत में प्रवेश करेंगी।
शादी और धर्म परिवर्तन की टाइमलाइन
नवंबर में लापता होने के बाद सरबजीत कौर ने शेखूपुरा के नासिर हुसैन से शादी की थी। 16 नवंबर को पीटीआई की रिपोर्ट में कहा गया था कि कौर ने 4 नवंबर को पाकिस्तान पहुंचने के एक दिन बाद ही नासिर से विवाह कर लिया और अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म अपनाने तथा शादी करने की बात कही।
लाहौर हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
18 नवंबर को यह दंपति लाहौर उच्च न्यायालय पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी शादी तोड़ने के लिए उन्हें परेशान कर रही है और शेखूपुरा के फारूकाबाद इलाके में उनके घर पर अवैध छापे मारे जा रहे हैं। इस पर जज फारूक हैदर ने पुलिस को दंपति को परेशान न करने और उन्हें अकेला छोड़ने का आदेश दिया।
पाकिस्तानी नागरिकता की कोशिश
अपनी याचिका में सरबजीत कौर ने बताया कि उनके पति नासिर हुसैन पाकिस्तानी नागरिक हैं। उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकता हासिल करने के लिए भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरबजीत कौर ने अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया है।
निकाह का वीडियो हुआ वायरल
हाल ही में दंपति के 'निकाह' का एक कथित 18 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया और पाकिस्तानी मीडिया में सामने आया। इस वीडियो में सरबजीत कौर को इस्लाम धर्म को स्वेच्छा से स्वीकार करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में वह कहती हैं, "मैं नासिर से प्यार करती हूं और उन्हें पिछले नौ सालों से जानती हूं। मैं इस समय तलाकशुदा हूं और अपनी मर्जी से उनसे शादी कर रही हूं।"
अब भारत वापसी तय
अब पाकिस्तानी सरकार के फैसले के बाद सरबजीत कौर की भारत वापसी तय मानी जा रही है। अटारी-वाघा बॉर्डर पर औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दी जाएंगी। यह मामला भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमे कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications