पाकिस्तान पर लगातार दूसरे साल कुदरत की मार, भारी बारिश में 86 मरे, भारत के पानी छोड़ने से स्थिति और विकराल
Pakistan Rain and Flood: पाकिस्तान में भारी बारिश के बाद बाढ़ ने भारी तबाही मचानी शुरू कर दी है और अभी तक 86 लोगों की मौत की खबर है। पाकिस्तान स्थित एआरवाई न्यूज ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) का हवाला देते हुए बताया है, कि 25 जून के बाद से हाल ही में हुई मानसूनी बारिश में 86 लोग मारे गए हैं और 151 अन्य घायल हुए हैं।
एआरवाई न्यूज के मुताबिक, एनडीएमए ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि पिछले 24 घंटों में पूरे पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण छह लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए है। पाकिस्तान में पिछले साल भी भारी बारिश के बाद भीषण बाढ़ आ गई थी, जिसमें करीब 3 करोड़ लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे और करीब 1800 लोगों की जान चली गई थी।

पाकिस्तान में फिर बारिश और बाढ़ का कहर
एनडीएमए के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 86 मौतें और 151 घायल हुए हैं, जिनमें 16 महिलाएं और 37 बच्चे शामिल हैं। देशभर में मूसलाधार बारिश का कहर जारी रहने के कारण 97 घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
मरने वालों की संख्या सबसे ज्यादा पंजाब में है, जहां भारी बारिश के कारण 52 लोगों की मौत हो गई है। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एनडीएमए की रिपोर्ट के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में 20 लोगों की मौत हो गई है और बलूचिस्तान में छह लोगों की जान चली गई।
इस साल अप्रैल में, एनडीएमए ने भविष्यवाणी की थी, कि 2023 में पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ आने की 72 प्रतिशत संभावना है। लोक लेखा समिति (पीएसी) को एक ब्रीफिंग में, एनडीएमए के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल इनाम हैदर ने कहा है, कि तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। एआरवाई न्यूज ने बताया, कि ग्लेशियर पिघलने और शुरुआती मानसून के परिणामस्वरूप बाढ़ आ सकती है।
हैदर ने कहा, कि एनडीएमए और पाकिस्तान का जलवायु परिवर्तन मंत्रालय 17 सैटेलाइट्स के जरिए स्थिति की निगरानी कर रहा है और बाढ़ को लेकर 36 चेतावनियां जारी की गई हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, कि उन्होंने कहा कि अगर पिछले साल की तरह विनाशकारी बाढ़ अब आई, तो पाकिस्तान एक बड़े आर्थिक संकट में फंस जाएगा।
पाकिस्तानी अखबार डॉन ने शनिवार को बताया कि पाकिस्तान के पंजाब में जारी बारिश के दौरान लाहौर के अज़हर टाउन और शाहदरा टाउन इलाकों में दो छतें गिर गईं और कम से कम नौ लोग घायल हो गए। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। पंजाब के राहत आयुक्त नबील जावेद ने प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) नियंत्रण केंद्र का दौरा किया जहां उन्हें नदियों में बाढ़ के आसन्न खतरे के बारे में बताया गया।
भारत ने भी पानी छोड़ा
वहीं, पाकिस्तान की स्थिति भारत से पानी छोड़ने के बाद और विकराल हो गई है। भारत ने करीब एक लाख 85 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा है, जिसके बाद एनडीएमए ने बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है। भारत के पानी छोड़ने के बाद रावी नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
पानी के लगातार बढ़ने के बाद रावी नदी के किनारे के लोगों को अपना घर खाली करने के लिए कहा गया है। आपको बता दें, कि भारत में भी लगातार बारिश हो रही है, जिससे भारत की भी कई नदियों में बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। पाकिस्तान में बाढ़ के अलावा भूस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल, अनुमान है कि करीब 9 लाख बारिश और बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications