इमरान खान के जीते निर्दलीय सांसदों में तोड़-फोड़ शुरू... कम से कम 20 सांसद थाम सकते हैं नवाज शरीफ का हाथ
Pakistan Election News: पाकिस्तान चुनाव में भारी धांधली के आरोपों के बीच अब इमरान खान के निर्दलीय जीते सांसदों में तोड़फोड़ शुरू हो गई है और जियो की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल असेंबली सीटें जीतने वाले कम से कम 18 से 20 स्वतंत्र उम्मीदवार नवाज शरीफ की पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
जियो न्यूज के मुताबिक, कम से कम 18 से 20 सांसदों ने गठबंधन सरकार बनाने में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को समर्थन देने की इच्छा जताई है।

इमरान खेमे में तोड़-फोड़ शुरू
पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कई सांसदों के पास धमकी भरे फोन जा रहे हैं और उनपर गठबंधन सरकार को समर्थन देने के लिए प्रेशर बनाया जा रहा है।
सूत्रों का हवाला देते हुए, द न्यूज ने बताया है, कि दक्षिण पंजाब, बलूचिस्तान और रावलपिंडी से चुने गए नव निर्वाचित सांसदों के पीएमएलएन-पीपीपी गठबंधन सरकार में शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा, कि पीपीपी और पीएमएल-एन ने कई विजयी स्वतंत्र उम्मीदवारों से संपर्क किया है।
द न्यूज के मुताबिक, "ये नये सांसद गठबंधन सरकार में शामिल होंगे। यह भी संभव है, कि उन्हें इससे पहले ही सामने लाया जाए।" पार्टियों के सूत्रों ने बताया, कि गठबंधन में शामिल होने वाले निर्दलीय सदस्यों की संख्या और बढ़ सकती है।

बिलावल भुट्टो की पीपीपी ने अपने सभी विकल्प खुले रखने की बात कही है वो अपना ज्यादातर ध्यान, निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन हासिल करने पर केंद्रित कर रही है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच संपर्क काफी बढ़ गया है।
संपर्क करने पर पीटीआई के वरिष्ठ नेताओं ने कहा है, कि यह सब बकवास है। पीटीआई ने कहा है, कि "इस मुद्दे के बारे में दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है। पीटीआई द्वारा समर्थित नेशनल असेंबली का कोई भी निर्वाचित सदस्य किसी अन्य पार्टी का समर्थन नहीं करेगा, क्योंकि सभी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों परवेज खट्टक, महमूद खान और अन्य नेताओं के भाग्य का फैसला देखा है।" आपको बता दें, कि ये सभी पीटीआई छोड़कर गये थे और सभी को चुनावी हार का सामना करना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications