Pakistan: पहाड़ी इलाके में बारिश के कारण भूस्खलन, क्रिकेट खेल रहे कई बच्चे मलबे में फंसे, 8 की मौत, 1 लापता
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में गुरुवार को भूस्खलन के बाद कम से कम आठ बच्चों की मौत हो गई। जबकि एक बच्चा अभी भी लापता है।
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि शांगला जिले के मार्टुंग इलाके में लगभग 9 से 14 बच्चे क्रिकेट खेल रहे ते। इसी दौरान भारी भूस्सखलन हुआ। इस दौरान सभी इसकी चपेट में आ गए।

अधिकारी के मुताबिक खेल रहे सभी बच्चों की उम्र 12-14 साल के बीच थी। भूस्खलन के बाद बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बच्चों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव कार्य में भारी मशीनें लगाई गई हैं।
वहीं, प्रशासन ने स्थानीय अस्पतालों में आपातकाल घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक सलामत बचे बच्चों में से एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है जबकि बाकी बच्चे कुशल हैं।
जिला आपातकालीन यूनिट के अधिकारी सनाउल्लाह खान ने रॉयटर्स को बताया कि लगभग 15 बच्चों ने एक रेत की चट्टान के पास क्रिकेट पिच बनाई थी। भारी बारिश के बाद ये चट्टान ढह गई जिसमें ये बच्चे दब गए।
एक अन्य अधिकारी, बिलाल खान ने कहा कि बचाव दल के पहुंचने से पहले जो ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने बहुत मदद की।
आपको बता दें कि इन दिनों पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है जबकि 87 घायल हो गए। बारी बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। बलूचिस्तान प्रांत में बाढ़ के कारण यातायात बाधित हो गया है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक पंजाब प्रांत में बाढ़ की वजह से 34 लोग मारे गए हैं। वहीं खैबर-पख्तूनख्वा में 10 और बलूचिस्तान में पांच लोगों की जान चली गई है। भारी बारिश के कारण अबतक 15 पशुओं की भी मौत हो चुकी है और 62 घर भी ढह गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications