पाक अभिनेत्री के बाद अब इमरान की मंत्री ने लिखी प्रियंका के खिलाफ चिट्ठी
पाक अभिनेत्री के बाद अब इमरान की मंत्री ने लिखी प्रियंका के खिलाफ चिट्ठी
नई दिल्ली। पाकिस्तान की मानवाधिकार मंत्री शिरीन माजरी ने यूनिसेफ हेड को चिट्ठी लिख प्रियंका चोपड़ा को गुडविल एंबेसडर के पद से हटाने की मांग की है। शिरीन ने अपनी चिट्ठी में प्रियंका पर जंग को बढ़ावा देने वाले ट्वीट करने और भारत की सेनाओं की कार्रवाई की तारीफ करने का आरोप लगाया है। शिरीन ने यूनिसेफ की एक्जेक्यूटिव डायरेक्टर हेनरीटा एच फोर को लिखी चिट्ठी में फरवरी में बालाकोट स्ट्राइक के वक्त प्रियंका के ट्वीट और हाल ही में अमेरिका में एक कार्यक्रम में इस मामले पर प्रियंका के बयान का हवाला देकर प्रियंका को हटाने की मांग की है।
शिरीन ने कहा, प्रियंका जंग की हिमायती
शिरीन ने कहा है कि एक गुडविल एंबेसडर किसी एक देश का नहीं होता और अगर वो जंग की तरफदारी करता दिखे तो फिर उसे इस पद पर रहने का हक नहीं होना चाहिए। गुडविल एंबेसडर होने के बावजूद जम्मू-कश्मीर पर भारत सरकार के अधिकृत पक्ष को प्रियंका चोपड़ा सार्वजनिक तौर पर समर्थन दे रही हैं। इससे पहले भी शिरीन प्रियंका को हटाने की मांग कर चुकी हैं।
पाक अभिनेत्री भी लिख चुकी चिट्ठी
पाक के भीतर से प्रियंका चोपड़ा को लेकर एक विरोध काफी समय से दिख रहा है। हाल ही में पाकिस्तान की एक्ट्रेस अमरीना खान ने भी यूनिसेफ को चिट्ठी लिखकर प्रियंका चोपड़ा को गुडविल एंबेसडर के पद से हटाने की मांग की थी। अमरीना ने अपने खुले खत में प्रियंका के ट्वीट और बयान का हवाला देते हुए कहा है कि वो जाहिर और गैरजाहिर तौर पर जंग का समर्थन करती रही हैं, ऐसे में आपकी सद्भावना दूत कैसे हो सकती हैं। उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
अमेरिका के एक इवेंट में भी हुआ था प्रियंका से ये सवाल
हाल ही में अमेरिका में प्रियंका ब्यूटीकॉन फेस्टिवल लॉस एंजेलिस 2019 नाम के कार्यक्रम में प्रियंका से एक पाकिस्तानी महिला आयशा मलिक ने उनकी भारतीय सेना के पक्ष में ट्वीट को लेकर सवाल किया था। मलिक ने सवाल किया, आप यूनाइटेड नेशन की गुडविल एंबेसडर हैं और भारत के पाकिस्तान से न्यूक्लियर वॉर को बढ़ावा दे रही हैं। एक पाकिस्तानी होने के नाते मेरे जैसे करोड़ों लोगों के लिए ये दुख पहुंचाने वाला है। इसके जवाब में प्रियंका ने कहा कि मेरे पाकिस्तान के कई सारे दोस्त हैं। मैं युद्ध के मैं पक्ष में नहीं हूं लेकिन मैं देशभक्त हूं।
पाक अभिनेत्री की यूनिसेफ को चिट्ठी, प्रियंका को गुडविल एंबेसडर पद से हटाने की मांग