2 सालों से कोरोना वायरस को चकमा दे रहे थे ये देश, पहली बार मिले मरीज तो लगाया गया लॉकडाउन
प्रशांत द्वीप किरिबाती और समोआ में पहली बार कोविड संक्रमण मिलने के बाद दोनों देशों में लॉकडाउन लगा दिया गया है।
सिडनी, जनवरी 22: करीब दो सालों से कोविड महामारी को चकमा दे रहे किरिबाती और समोआ द्वीप में आखिरकार कोविड के मरीज मिल ही गये हैं और कोविड महामारी को फैलने से रोकने के लिए किरिबाती और समोआ में लॉकडाउन लगा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी मेहमानों के आने के बाद इन पैसिफिक देशों में कोरोना मरीज मिले हैं और पिछले दो सालों से ये दोनों देश कोरोना महामारी से खुद को बचाते आ रहे थे, लेकिन अब कोरोना मरीजों के मिलने के बाद दोनों जगहों पर लॉकडाउन लगा दिया गया है।

दो सालों बाद पहला केस
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, इस महीने तक, किरिबाती ने एक भी वायरस का मामला दर्ज नहीं किया था, जबकि समोआ ने महामारी शुरू होने के बाद से केवल दो ही केस दर्ज किए थे। लेकिन अंतरराष्ट्रीय आगमन से वायरस ने पहली बार इन जगहों पर दस्तक दी थी, जिसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों को देश में लॉकडाउन लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। आपको बता दें कि, फिजी से किरिबाती के लिए एक उड़ान में दर्जनों यात्री पहुंचे थे और वहां कोविड टेस्ट के दौरान एक यात्री कोविड पॉजिटिव पाया गया। वहीं, समोआ में ब्रिस्बेन से एक फ्लाइट पहुंचने के बाद कोरोना मरीज मिलने के बाद प्रतिबंध लगा दिए गये हैं।
सोमवार तक रहेगा प्रतिबंध
समोआ के प्रधानमंत्री फियामे नाओमी माताफा ने कहा है कि, देश में सोमवार तक प्रतिबंध रहेंगे और देश में मौजूदा संक्रमण कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर है। वहीं, किरिबाती के नेता ने कहा कि देश के करीब एक लाख 20 हजार लोगों को प्रतिबंधों में रखा गया है। राष्ट्रपति तानेती मामाउ ने फेसबुक पर जारी एक बयान में कहा है कि, 'देश में पहली बार कोविड 19 फैल समुदायों में फैल रहा है'। उन्होंने कहा कि, प्रतिबंधों के तहत स्थानीय लोगों को तब तक घर में रहना चाहिए, जब तक कि उन्हें भोजन या स्वास्थ्य देखभाल जैसी आवश्यक चीजों की वजह से घर से बाहर निकलनवा अत्यंत आवश्यक नहीं हो। उन्होंने कहा कि, यह अभी तक साफ नहीं है कि, देश में लॉकडाउन कब तक लगा रहेगा। हालांकि, पिछली घोषणा में कहा गया था कि इसी तरह के प्रतिबंध गुरुवार को समाप्त होंगे। डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के अनुसार, समोआ की लगभग 62 प्रतिशत आबादी पूरी तरह से टीकाकृत है, जबकि किरिबाती की लगभग 34 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications