कुत्ते पर रासायनिक हथियारों की टेस्टिंग करता था ओसामा बिन लादेन, बेटे ने किया बड़ा खुलासा
उमर ने कहा कि उनके पिता ओसामा कुत्ते पर रासायनिक हथियारों का परीक्षण करते थे। इस कारण से उसके पालतू कुत्ते की जल्द ही मौत भी हो गई थी। उमर बिन लादेन 1991 से लेकर 1996 तक अपने पिता के साथ सूडान में रहे थे।

दुनिया के सबसे खतरनाक संगठन अलकायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन अपने पालतू कुत्तों पर रासायनिक हथियारों का परीक्षण करता था। इस बात का खुलासा ओसामा के सबसे बड़े बेटे उमर ने किया है। रासायनिक परीक्षण की वजह से उमर के पालतू कुत्ते की जल्द ही मौत हो गई थी। उमर ने अंग्रेजी अखबार द सन को दिए गए एक इंटरव्यू में उमर ने खुद को ओसामा का विक्टिम भी बताया है।

ओमर लादेन ने की पुष्टि
ओसामा बिन लादेन की पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में मौत हो गई थी। इसके बाद से ऐसी कई रिपोर्ट्स आती रहीं हैं जिनमें ये दावा किया गया कि ओसामा के सहयोगियों ने रासायनिक हथियारों का परीक्षण किया था। इन आरोपों की सच्चाई पर बात करते हुएर उमर ने कहा, "हां ये सच है, मैंने ये देखा था।" "उन्होंने मेरे कुत्ते पर रासायनिक हथियारों का परीक्षण किया और मैं इससे खुश नहीं था। मैं बस उन सब बुरी यादों को भूलना चाहता हूं। हालांकि ये मुश्किल है। आप हर समय इससे जूझते हैं।"

पिता ने दी हथियार चलाने की ट्रेनिंग
उमर ने कहा- मेरे पिता चाहते थे कि मैं उनके नक्शे कदमों पर चलूं लेकिन मैं ऐसा नहीं चाहता था। हम जब अफगानिस्तान में रहते थे तो वो मुझे हथियार चलाने की ट्रेनिंग दिया करते थे। अब 41 साल के हो चुके उमर बिन लादेन 1991 से लेकर 1996 तक अपने पिता के साथ सूडान में रहे थे और अल-क़ायदा के ट्रेनिंग कैंपों में हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली थी।

ओसामा ने चुना था अपना वारिस
उमर फिलहाल खुद से 24 साल बड़ी अपनी 65 वर्षीय पत्नी जैना के साथ फ्रांस के नॉरमैंडी में रहते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा- हम चार भाई हैं। मैं आतंकी की दुनिया में नहीं रहना चाहता था। मैंने पिता ओसामा को गुडबाय बोला और उन्होंने मुझे गुडबाय कहा, लेकिन मेरे जाने से वो खुश नहीं थे। उन्होंने मुझसे सीधे तौर पर कभी कहा नहीं की मैं अल-कायदा से जुड़ जाऊं, लेकिन वो हमेशा कहते थे कि मैं उनका उत्तराधिकारी हूं। ओसामा के नजदीकी लोगों का भी मानना था कि ओसामा ने उमर को ही अपना उत्तराधिकारी चुना है।

पिता की लाश को समंदर में बहाने के दावे पर नहीं है यकीन
उमर 2 मई, 2011 को कतर में थे, जब उन्होंने यह खबर सुनी कि अमेरिकी नेवी सील्स ने उनके पिता की हत्या कर दी है। अमेरिकी नेवी ने बिन लादेन के शरीर को उसकी मौत के 24 घंटे में सुपरकैरियर USS कार्ल विंसन से समुद्र में दफन कर दिया गया था। हालांकि, उमर ने कहा- मुझे नहीं पता कि उन्होंने मेरे पिता के शव के साथ क्या किया। वो कहते हैं कि उन्होंने उसे समुद्र में फेंक दिया, लेकिन मुझे यकीन नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications