Omicron symptoms:सामान्य सर्दी में भी रहें सावधान! UK की नई स्टडी में चौंकाने वाली जानकारी
लंदन, 19 दिसंबर: ओमिक्रॉन वेरिएंट ने यूनाइटेड किंगडम में जो शक्ल अख्तियार किया है, वह दुनियाभर के देशों के लिए सावधान हो जाने का संकेत है। वहां एक दिन में ना सिर्फ ओमिक्रॉन के मामले तीन गुना से ज्यादा हो गए हैं, बल्कि इस वेरिएंट से मौत के आंकड़े में भी जबर्दस्त इजाफा हुआ है। यही नहीं, वहां कोविड के ओमिक्रॉन वेरिएंट से पीड़ित हजारों रोगियों के लक्षणों पर हुई स्टडी ने जो खुलासा किया है, वह नए वेरिएंट की गंभीरता को और बढ़ा रहा है। क्योंकि, इसके लक्षण लगभग उसी तरह के हैं, जैसे मामूली सर्दी लगने पर हो सकती है।
Recommended Video

सामान्य सर्दी में भी रहें सावधान!
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक यूनाइटेड किंगडम में ओमिक्रॉन वेरिएंट के लक्षणों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गौरतलब है कि इस समय यूके में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों में बेतहाशा इजाफा हो रहा है, जिससे वहां खलबली मची हुई है। इसी दौरान वहां जो कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के लक्षणों को लेकर जो शोध हुए हैं, इसमें जो नतीजे सामने आए हैं, उसके मुताबिक इसके लक्षण इसलिए खतरनाक माने जा रहे हैं, क्योंकि वह सामान्य सर्दी-जुकाम से मिलते-जुलते पाए गए हैं। खास बात ये है कि ठंड के मौसम में सामान्य सर्दी होना, बहुत ही मामूली सी घटना है, लेकिन अगर ओमिक्रॉन के भी वही लक्षण हैं तो सावधान रहने में ही भलाई है!

सर्दी वाला लक्षण...कोविड हो सकता है!
लंदन में ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर जो जेडओई सिम्पटम ट्रैकिंग स्टडी 3 से 10 दिसंबर के बीच की गई है, उसमें मुख्य रूप से बहती नाक, सिरदर्द, थकान, छींक और गले में खराश इसके भी लक्षण पाए गए हैं। शोधकर्ताओं ने हजारों लोगों से लक्षणों की जानकारी मांगी और फिर उसके आधार पर डेल्टा और ओमिक्रॉन वेरिएंट दोनों के लक्षणों को परखा। उन्हें अबतक इस वायरस को लेकर लगातार खांसी, उच्च तापमान, स्वाद या गंध के जाने जैसे संकेत प्रभावी तौर पर नहीं मिले हैं। जेडओई सिम्पटम ट्रैकिंग स्टडी के प्रमुख वैज्ञानिक टिम स्पेक्टर के हवाले से अखबार ने लिखा है, 'ओमिक्रॉन के लक्षण मुख्य रूप से सर्दी के लक्षण हैं, नाक बहना, सिरदर्द, गले में खराश और छींक आना, इसलिए लोगों को घर पर ही रहना चाहिए, क्योंकि यह भी कोविड हो सकता है।'

क्रिसमस से पहले सतर्क रहें- वैज्ञानिक
वैज्ञानिक ने लोगों से गुजारिश की है कि क्रिसमस से पहले वह ओमिक्रॉन के संकेतों के प्रति जरूर सतर्क रहें, क्योंकि इस दौरान वे अपने परिवार वालों और दोस्तों से मिलेंगे। उन्होंने कहा है, 'उम्मीद है कि लोग अब सर्दी जैसे लक्षणों को पहचान लेंगे जो ओमिक्रॉन की प्रमुख विशेषता प्रतीत होती है।' उन्होंने कहा है कि परिवार के ऐसे लोगों के प्रति ज्यादा सावधान रहना होगा, जो बुजुर्ग हैं या जो पहले से ही बीमार हैं। दरअसल, कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ओमिक्रॉन से ज्यादा गंभीर बीमारी होने की संभावना नहीं है, लेकिन वैज्ञानिक अभी भी इसके बारे में पुख्ता पड़ताल करने में जुटे हुए हैं।

यूके में ओमिक्रॉन की लहर शुरू हो चुकी
यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी ने शनिवार को बताया है कि वहां 10,000 से ज्यादा नए ओमिक्रॉन के मामले सामने आए हैं, जो कि एक दिन में अबतक का सबसे ज्यादा केस है। एजेंसी के मुताबिक शनिवार को वहां ओमिक्रॉन वेरिएंट के 10,059 नए मामले सामने आए हैं, जो शुक्रवार के 3,201 मामलों से तीन गुना से भी ज्यादा हैं। शनिवार तक वहां इसके 24,968 मामले सामने आ चुके थे। यही नहीं वहां ओमिक्रॉन की वजह से मौत का आंकड़ा भी 1 से बढ़कर सात हो चुका है। (तस्वीरें प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications