चीन की सबसे उम्रदराज महिला का निधन, 135 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली, 18 दिसंबर: चीन की सबसे बुजुर्ग महिला अलीमिहान सेयती (Alimihan Seyiti) का शनिवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 135 साल थी और वो चीन के शिनजियांग उइगुर स्वायत्त क्षेत्र में रहती थीं। चीनी अधिकारियों ने बताया कि उनका जन्म 25 जून 1886 में हुआ था और वो कोमक्सरिक टाउनशिप में ताल्लुक रखती थीं। ये इलाका लंबी आयु के लोगों के लिए जाना जाता है, क्योंकि वहां पर बड़ी संख्या में बुजुर्गों की आयु 90 साल से ऊपर है।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक 2013 में चाइना एसोसिएशन ऑफ गेरोंटोलॉजी एंड जेरियाट्रिक्स ने बुजुर्ग व्यक्तियों का रिकॉर्ड तैयार किया था, जिसमें अलीमिहान सेयती उससे ऊपर थीं। उनके परिजनों ने बताया कि वो सामान्य जीवन जीती थीं। सबसे खास बात ये थी कि वो समय-समय पर खाना खाती रहती थीं। इसके अलावा उन्हें रोजाना धूप सेंकना बहुत पसंद था। इतनी ज्यादा उम्र के बाद भी उन्हें परपोते की देखभाल में मदद करते देखा जाता था। परिजनों ने भी उनके मौत की वजह प्राकृतिक बताई है।
चीनी मीडिया के मुताबिक कोमक्सरिक शहर को दीर्घायु शहर के नाम से जाना जाता है। वहां पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग रहते हैं, जिनकी आयु 90 साल से ऊपर है। सरकार भी यहां के लोगों पर खास ध्यान देती है, जिस वजह से वहां पर 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को मुफ्त इलाज, मुफ्त स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। इसके अलावा बहुत सी चीजों में सब्सिडी मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications