हर चुनाव हार रही निक्की हेली ने डोनाल्ड ट्रंप को कैसे हरा दिया? सुपर ट्यूजडे में दोहरा पाएंगी ये कामयाबी?
अमेरिका में भारतवंशी निक्की हेली ने इतिहास रच दिया है। निक्की हेली ने अमेरिकी इतिहास में रिपब्लिकन प्राइमरी जीतने वाली पहली महिला बनकर रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में हुए रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को मात दी है।
इससे पहले हुए कई प्राइमरी और कॉकस चुनावों में निक्की हेली की हार हो रही थी। प्राइमरी चुनाव में यह उनकी पहली जीत है। वहीं, प्राइमरी में डोनाल्ड ट्रम्प की ये पहली हार है। इससे पहले ट्रंप आयोवा, न्यू हैम्पशायर, नेवादा, साउथ कैरोलिना, मिशिगन, इडाहो, मिसौरी जैसे 8 राज्यों में जीत हासिल कर चुके हैं।

रविवार को वाशिंगटन डीसी में हुए प्राइमरी चुनाव में निक्की को 62.9 फीसदी जबकि ट्रंप को 33.2 फीसदी वोट ही मिले। ट्रंप की इस हार को निक्की की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है। आपको बता दें कि रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी में अब सिर्फ निक्की और डोनाल्ड ट्रंप ही बचे हैं।
5 मार्च को सुपर ट्यूजडे
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में 5 मार्च को सुपर ट्यूजडे है। इस दिन 15 राज्य और एक अमेरिकी प्रशासित क्षेत्र सामाओ में चुनाव होने जा रहा है। एक बड़े चुनावी दिन से ठीक 2 दिन पहले डीसी में मिली बंपर जीत को हेली और उनकी टीम के लिए प्लस प्वाइंट माना जा रहा है।
अब सवाल उठता है कि लगातार 8 से अधिक चुनाव हार चुकीं निक्की हेली अचानक वाशिंगटन डीसी का चुनाव कैसे जीत गईं? यहां मिली शानदार जीत को क्या निक्की हेली आगे सुपर ट्यूजडे में दोहरा पाएंगीं?
वाशिंगटन डीसी में कैसे मिली जीत?
आपको बता दें कि अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी 100 फीसदी शहरी इलाका है। ये राज्य डेमोक्रेट्स स्टेट कहलाता है। कहने का आशय है कि इस राज्य का वोट डेमोक्रेटिक पार्टी को मिलता है।
अत्यधिक डेमोक्रेटिक झुकाव वाला इलाका होने के कारण रिपब्लिकन पार्टी के किसी भी नेता को मिल जाए मगर उसे एक बड़ी जीत नहीं समझा जाता। चूंकि शहरी इलाका होने की वजह से यहां ट्रंप के कम समर्थक हैं। यही वजह है कि साल 2016 में भी ट्रंप को वाशिंगटन डीसी में हार नसीब हुई थी।
वाशिंगटन डीसी में सिर्फ 23,000 पंजीकृत रिपब्लिकन हैं। इसमें से महज 2,035 रिपब्लिकन ने प्राइमरी चुनाव में भाग लिया। महज 2000 वोटरों के बीच जीत हासिल करने को बहुत बड़ी कामयाबी नहीं माना जा सकता है।
ट्रंप का प्राइमरी में दबदबा
ट्रंप का अब तक हुए हर राज्य के प्राथमिक या कॉकस पर भारी दबदबा रहा है। ऐसे में अगले मंगलवार यानी कि कल होने वाले सुपरट्यूज डे चुनाव में भी ट्रंप की भारी जीत तय मानी जा रही है। कल 16 प्रातों में कुल 874 रिपब्लिकन डेलीगेट्स का वोट दांव पर लगा है।
ट्रंप को कुल 244 डेलिगेट्स का समर्थन मिल चुका है। वहीं, हेली को अब तक केवल 24 डेलिगेट्स का साथ मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का टिकट हासिल करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 1,215 डेलिगेट्स का समर्थन हासिल करना होगा। यानी कि कल अधिक से अधिक डेलीगेट्स का समर्थन हासिल कर ट्रंप अपनी एकमात्र प्रतिद्वंदी को रेस से बाहर कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications