नए राष्ट्रपति ट्रंप की कैबिनेट लिस्ट हो गई लीक, सारा पालिन को मिलेगी जगह
लीक हो गई नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट की लिस्ट। सारा पालिन को भी मिलेगी ट्रंप की कैबिनेट में जगह।
न्यूयॉर्क। अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के तौर पर चुने गए रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को आधिकारिक तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। शपथ से पहले ही ट्रंप के कैबिनेट की लिस्ट लीक हो गई है और हैरानी के तौर पर इस लिस्ट में सारा पालिन का भी नाम है।

गोरों को मिलेगी जगह
अमेरिकी मीडिया की ओर से जो जानकारी आ रही है उसके मुताबिक इस लिस्ट में श्वेत अमेरिकियों को तरजीह दी जाएगी।
ट्रंप अपने कैबिनेट में न्यू जर्सी के गर्वनर क्रिस क्रिस्टी को भी जगह दे सकते हैं जिन्होंने ट्रंप को एक 13 वर्ष के बच्चे की तरह बर्ताव करने वाला करार दिया था।
क्रिस्टी के अलावा न्यूट गिंगरिच और सारा पालिन भी कैबिनेट में होंगी। ट्रंप अपने कैबिनेट में हर उस व्यक्ति को जगह देने का मन बना रहे हैं जिन्होंने पूरे कैंपेन में उनका साथ दिया था।
बताया जा रहा है कि ट्रंप गर्वनर क्रिस्टी को होमलैंड सिक्योरिटी, अटॉर्नी जनरन और कॉमर्स सेक्रेटरी बना सकते हैं।
अलास्का की गर्वनर पालिन भी
सारा पालिन के बारे में अगर आप नहीं जानते हैं तो आपको बता दें कि वह अलास्का की गर्वनर रह चुकी हैं।
अलास्का से वह पहली रिपब्लिकन महिला थीं जिन्हें वर्ष 2008 में राष्ट्रपति चुनावों के दौरान उप-राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन मिला था।
सारा हमेशा क्लाइमेट चेंज के खिलाफ बोलती आई हैं। माना जा रहा है कि ट्रंप उन्हें आतंरिक मामलों के विभाग का जिम्मा सौंप सकते हैं।
न्यूयॉर्क पूर्व गर्वनर रुडी ग्यूलियानी, फॉरेस्ट लुकास, गोल्डमैनसैक्स के स्टीव मन्यूशिन को जगह मिल सकती है।
ट्रंप रिपब्लिकन बॉब क्रोकर को विदेश विभाग का जिम्मा सौंप सकते हैं। वहीं सीनेटर जेफ सेशंस को रक्षा सचिव बनाया जा सकता है।
बेटे को लाना चाहते थे कैबिनेट में
माना जा रहा था कि ट्रंप अपने बेटे को भी कैबिनेट में भी शामिल कर सकते हैं। लेकिन ऐसा हो नहीं सकता क्योंकि कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति एंटी-नियोपेटिज्म कानून की वजह से अपने बच्चों को कैबिनेट में शामिल करने का अधिकारी नहीं है।
वहीं ट्रंप से जब पूछा गया कि उनकी कैबिनेट में कौन-कौन सी महिलाओं को जगह मिलेगी तो उनका जवाब था कि हर कोई इवांका को कैबिनेट में चाहता है। इवांका काफी पॉपुलर हैं और वह काफी अच्छा कर सकती हैं।
राष्ट्रपति ओबामा से हुई ट्रंप की मीटिंग
इन सबसे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात की थी। यह पहला मौका था जब दोनों आमने-सामने थे। ओबामा ने ट्रंप का व्हाइट हाउस में स्वागत किया और 15 मिनट तक ट्रंप व्हाइट हाउस में रुके थे।
ओबामा ने मुलाकात के बाद कहा था कि वह हर तरह से नए राष्ट्रपति ट्रंप की मदद करने को तैयार हैं। ओबामा के मुताबिक जब ट्रंप सफल होंगे तभी देश भी सफल होगा।
ट्रंप ने भी ओबामा के साथ अपनी मुलाकात को काफी अच्छा बताया था। साथ ही राष्ट्रपति ओबामा को भी एक अच्छा इंसान करार दिया था।












Click it and Unblock the Notifications