कोविड-19 मुक्त होने के बाद न्यूजीलैंड में फिर आए नए केस, अक्टूबर तक टले आम चुनाव
वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड में कोरोना वायरस (कोविड-19) का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। यहां संक्रमण के नए मामले सामने आने लगे हैं। जिसके चलते प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डेन ने आम चुनाव अगले चार हफ्तों के लिए स्थगित कर दिए हैं। यानी चुनाव 17 अक्टूबर तक स्थगित रहेंगे। न्यूजीलैंड के लिए ये चिंता की बात इसलिए है क्योंकि उसने खुद को कोरोना वायरस से मुक्त देश घोषित कर दिया था। लेकिन अब फिर से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

यहां आम चुनाव 19 सितंबर को होने वाले थे। प्रधानमंत्री ने कहा है कि 17 अक्टूबर तक के लिए चुनाव स्थगित किए जाते हैं, ऐसे में राजनीतिक दलों को भी आगे की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। यहां ऑकलैंड में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आ रहे हैं, जिसके बाद से आर्डेन से चुनाव रद्द करने की मांग की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक न्यूजीलैंड 102 दिनों तक इस वायरस से मुक्त रहा है। लेकिन वायरस के नए मामले सामने आने के बाद उप प्रधानमंत्री विंसटन पीटर ने भी रविवार को चुनाव स्थगित करने की मांग की थी।
इसके अलावा महामारी के कारण भीड़ के एक जगह इकट्ठा होने पर भी प्रतिबंध है। जिसके कारण प्रमुख विपक्षी दल नेशनल पार्टी को अपना चुनाव प्रचार रद्द करने को कहा जा रहा था। जिसके बाद नेशनल पार्टी ने भी यही कहा कि आम चुनाव स्थगित होने चाहिए। आर्डेन ने कहा है कि उन्होंने चुनाव की नई तारीख को लेकर गवर्नर-जनरल को सलाह दी है और कहा है कि तारीख को इसके बाद नहीं बदला जाएगा। उन्होंने कहा, 'हम सभी एक ही बोट में हैं। हम सभी एक ही माहौल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।'
जानकारी के लिए बता दें न्यूजीलैंड में 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1271 हो गई है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या 69 है।












Click it and Unblock the Notifications