10 साल में पहली बार घटे नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स, ये है सबसे बड़ी वजह
नई दिल्ली, 20 अप्रैल: नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स की संख्या में एक दशक से अधिक समय बाद पहली बार कमी देखने को मिल रही है। स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को बताया कि इस साल के शुरुआती 3 महीनों में उसने 200,000 मेंबर्स गंवाए। कंपनी का कहना है कि, दूसरी तिमाही में लगभग 2 मिलियन से ज्यादा यूजर और कम हो सकते हैं। कंपनी ने कोविड-19 महामारी की शुरुआत में बहुत ज्यादा यूजर ग्रोथ किया था।

31 मार्च 2022 को खत्म हुई तिमाही के मुताबिक नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स की संख्या घटकर 221.6 मिलियन हो गई है। जो कि पिछले साल की पहली तिमाही के मुकाबले थोड़ा कम है। रिपोर्ट से पता चलता है कि कंपनी मौजूदा ग्राहकों को बनाए रखने के साथ-साथ नए लोगों को आकर्षित करने में कई चुनौतियों का सामना कर रही है। नेटफ्लिक्स ने कहा कि उसने इस तिमाही में अमेरिका और कनाडा में 6,00,000 ग्राहकों को खोया है।
नेटफ्लिक्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 222 मिलियन यूजर्स ने सब्सक्रिप्शन लिया हुआ है। 100 मिलियन से अधिक यूजर एक दूसरे को अपना अकाउंट शेयर करने वाले हैं। नेटफ्लिक्स को हुए इस नुकसान की एक बड़ी वजह यह भी है। इसको देखते हुए नेटफ्लिक्स ने यह कदम उठाया कि अगर एक सब्सक्रिप्शन दूसरे डिवाइस में यूज होता है तो उसका अलग से चार्ज देना होगा।
इसके आलावा रूस यूक्रेन युद्ध के चलते नेटफ्लिक्स ने रूस में अपनी सेवाओं को बंद कर दिया है। साथ ही यूक्रेन में भी नेटफ्लिक्स सर्विस युद्ध की वजह से प्रभावित चल रही है। ऐसे में कंपनी का दावा है कि युद्ध की वजह उसके सब्सक्राइबर्स की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। नेटफ्लिक्स ने स्वीकार किया है कि उसे डिज़्नी+, प्राइम वीडियो और बाज़ार में अन्य ओटीटी प्लेयर से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications