गलवान घाटी में भारत-चीन के तनाव पर आया नेपाल का बयान, अच्छे पड़ोसियों की तरह सुलझाएं मसला
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव को लेकर नेपाल ने बयान जारी किया है। नेपाल ने गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प को लेकर कहा है कि हम मामले के शान्ति से सुलझ जाने की उम्मीद करते हैं। नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, नेपाल हमेशा ही क्षेत्र और विश्व में शान्ति का पक्षधर रहा है। हाल ही में गलवान घाटी में जो हुआ है, उसको लेकर भी हमे विश्वास है कि हमारे मित्र पड़ोसी भारत और चीन, अच्छे पड़ोसी की भावना के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और विश्व शांति और स्थिरता को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपने सभी आपसी मतभेदों को सुलझा लेंगे।

नेपाल से भी भारत के रिश्तों में तनाव
हाल के दिनों में भारत और नेपाल के बीच भी रिश्तों में कड़वाहट है। नेपाल ने हाल ही में भारत के कुछ हिस्सों को अपना बताते हुए उन पर दावा ठोक दिया है। नेपाल का कहना है कि उसकी बहुत सी जमीन पर भारत ने कब्जा कर रख है। इतना ही नहीं भारतीय जमीन को अपने देश में दिखाने वाले नक्शे को नेपाल की संसद ने भी पास कर दिया है। जिससे भारत ने नाखुशी जताई है।
चीन और भारत में तनातनी
पूर्वी लद्दाख में एलएसी के पास चीन और भारत की सेनाएं आमने-सामने हैं। बीते एक महीने से ज्यादा समय से दोनों देशों के बीच तनाव है। दोनों सेनाओं में जारी तनातनी के बीच सोमवार रात को हिंसक झड़प हुई। जिसमें एक कर्नल सहित 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए। वहीं दस भारतीय सैनिकों को चीन ने बंधक बना लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। इस घटना के बाद से माहौल में काफी उत्तेजना है। भारत और चीन के सैन्य अफसरों के बीच कई स्तर की बातचीत भी हो चुकी है लेकिन अभी कोई हल निकलता नहीं दिख रहा है।
Recommended Video

चीन से तनाव पर पीएम मोदी ने की सर्वदलीय बैठक
भारत-चीन सीमा पर हालिया घटनाक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम को सर्वदलीय बैठक भी की है। बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत शांति और दोस्ती चाहता है लेकिन वो अपनी संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। मोदी ने कहा, डिप्लॉयमेंट हो, एक्शन हो, काउंटर एक्शन हो, जल-थल-नभ में हमारी सेनाओं को देश की रक्षा के लिए जो करना है, वो कर रही हैं। आज कोई भी हमारी एक इंच जमीन की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देख सकता।












Click it and Unblock the Notifications