Nepal Flood के बीच शर्मनाक वारदात! नदी में बहकर आए बैंक सेफ से निकाले 92 लाख, 29 गिरफ्तार, शवों से भी हुई चोरी

नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाले कई मामले सामने आ रहे हैं। धादिंग जिले में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए एक बैंक सेफ को तोड़कर रकम निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं।

नदी किनारे कैसे मिला बैंक का सेफ?

सशस्त्र पुलिस के सह-प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा के मुताबिक, बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक का सेफ बॉक्स बह गया था। यह बाद में त्रिशूली नदी के किनारे फंस गया। लोगों को जब इसका पता चला तो कुछ लोगों ने कथित तौर पर सेफ तोड़कर उसके अंदर रखी रकम निकालने की कोशिश की।

Nepal Flood

सूचना मिलते ही पुलिस और सशस्त्र पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद 29 लोगों को हिरासत में लिया गया। जिला पुलिस कार्यालय धादिंग के प्रवक्ता डीएसपी प्रकाश दाहाल ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल थे। साथ ही बरामद रकम किस बैंक की थी और सेफ किस शाखा से बहकर आया था, इसकी भी जांच चल रही है।

आपदा में मिली रकम पर भी कानून लागू

पुलिस का कहना है कि किसी आपदा के दौरान बहकर मिली संपत्ति या पैसा अपने पास रखना और उसे निकालना कानूनी प्रक्रिया के बिना अपराध है। इसलिए इस मामले में सख्ती की जा रही है। यह घटना उस वक्त सामने आई है जब नेपाल खुद एक बड़े प्राकृतिक संकट से जूझ रहा है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया। घर, वाहन, सड़कें और पुल तक पानी में बह गए।

अब तक के अपडेट में 626 मौतों और 2,426 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई थी। करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 163 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

11 हजार से ज्यादा जवान रेस्क्यू में जुटे

बचाव अभियान अभी भी जारी है। 11 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हैं। इनमें 5 हजार से ज्यादा नेपाली सेना के जवान बताए गए हैं। मुश्किल यह है कि कई इलाकों में सड़क और पुल टूट चुके हैं। ऊपर से मौसम विभाग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दोबारा बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। इससे राहत टीमों के लिए मुश्किल और बढ़ सकती है।

नदी से मिले 233 शव, 229 की पहचान नहीं

बाढ़ के बाद चितवन में भी हालात बेहद गंभीर हैं। वहां नदियों से 233 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें सिर्फ चार की पहचान हो पाई है। बाकी 229 शव अभी अज्ञात हैं। शव तेजी से खराब हो रहे हैं। लंबे वक्त तक इन्हें सुरक्षित रखना मुश्किल है। संक्रमण और बीमारी फैलने के खतरे को देखते हुए चितवन प्रशासन ने अज्ञात शवों को दफनाने का फैसला किया है।

इन 229 शवों का देवघाट में सामूहिक दफन शुरू किया जाना है। लेकिन उससे पहले हर शव का DNA sample लिया जाएगा। साथ ही हर शव और मानव अवशेष को एक Unique Code दिया जाएगा। इसका मकसद यह है कि भविष्य में किसी परिवार को अपने लापता सदस्य की पहचान करने में मदद मिल सके।

महिला के शव से सोने की बालियां भी निकालीं

बाढ़ के बीच चोरी का एक और मामला सामने आया है। नारायणी नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर कार्रवाई की। वीडियो में दो लोग बाढ़ में बहकर आए महिला के शव से कथित तौर पर बालियां निकालते नजर आए। इस घटना ने बाढ़ के बीच कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

लापता लोगों का आंकड़ा और बढ़ा

नेपाल की आपदा प्राधिकरण के शनिवार के अपडेट के मुताबिक, बाढ़ में 626 लोगों की मौत हुई है और 2,426 लोग लापता हैं। शुक्रवार रात तक लापता लोगों का आंकड़ा 1,924 बताया गया था। इसके अलावा 517 विदेशी नागरिकों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है। यानी मौत और लापता लोगों का आंकड़ा लगातार बदल रहा है। राहत और खोज अभियान के आगे बढ़ने के साथ तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

नेपाल इस वक्त एक साथ कई मोर्चों पर जूझ रहा है। एक तरफ हजारों लोगों की तलाश जारी है। दूसरी तरफ तबाह हुए रास्तों को दोबारा जोड़ने की चुनौती है। और इसी बीच बाढ़ में बहकर आई संपत्ति की लूट और शवों से चोरी जैसी घटनाएं आपदा की दूसरी भयावह तस्वीर सामने ला रही हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+