चीन ने डोंग जुन को बनाया नया रक्षा मंत्री, 4 महीने पहले गायब हुए रक्षा मंत्री का क्या हुआ?
चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू चार महीने पहले गायब हो गए थे। अब उनकी जगह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने डोंग जुन को नया रक्षा मंत्री बनाया है। लोकल मीडिया के मुताबिक डोंग जुन चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के नेवी चीफ थे।
इससे पहले के रक्षा मंत्री ली शांगफू अगस्त में अचानक गायब हो गए थे। वो 29 अगस्त के बाद से पब्लिक प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आए थे। इसके बाद अक्टूबर में चीन ने उन्हें पद से हटा दिया था, लेकिन उन्हें पद से हटाने के पीछे कोई कारण नहीं बताया गया। ली शांगफू के लापता होने को लेकर अब तक कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक शांगफू पर भ्रष्टाचार के आरोप थे। शांगफू हथियार खरीद से जुड़े मामलों में जांच का सामना कर रहे थे। कुछ माह पहले चीन के विदेश मंत्री चिंग गैंग भी अचानक लापता हो गए थे। बाद में जुलाई के महीने में उनके स्थान पर दूसरे व्यक्ति की विदेश मंत्री के पद पर नियुक्ति की गई थी।
62 साल के डोंग जुन पहले दक्षिणी सैन्य कमान के डिप्टी कमांडर थे। यह कमान दक्षिण चीन सागर को संभालती है, जिस पर चीन लगभग पूरी तरह से अपना दावा करता है और जिसके कारण वियतनाम और फिलीपींस सहित अन्य देशों के साथ तनाव पैदा हो गया है। डोंग पूर्वी सैन्य कमान के नौसेना बल के डिप्टी कमांडर भी थे, जो ताइवान सहित पूर्वी चीन सागर से संबंधित है। डोंग ने उत्तरी समुद्री बेड़े में भी काम किया है।
चीन में नए रक्षा मंत्री की ये नियुक्ति तब हुई है जब राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश को एक प्रमुख विश्व शक्ति बनाने के अपने प्रयास के तहत सेना को अपग्रेड किया है। उनके इस कदम ने पड़ोसियों को चिंतित कर दिया है। चीन के रक्षा मंत्री की भूमिका मीडिया और अन्य सेनाओं के सामने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का चेहरा बनना है।












Click it and Unblock the Notifications