Mike Waltz: ट्रंप ने जिस माइक वाल्ट्ज को NSA चुना है, उन्होंने कैसे सबसे मुश्किल वक्त में की थी भारत की मदद
Mike Waltz: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कांग्रेस सदस्य माइक वाल्ट्ज को अपना राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नियुक्त किया है। वाल्ट्ज को अपना शीर्ष राजनयिक और एनएसए चुनकर ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल में द्विपक्षीय समर्थन की निरंतरता और भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने की गारंटी दी गई है।
इस बड़ी नियुक्ति की खबर तब आई, जब रिपब्लिकन पार्टी ने प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल कर लिया, जिससे ट्रंप को अमेरिकी कांग्रेस के दोनों विंग पर नियंत्रण मिल गया है।

एनएसए की चुनने के लिए सीनेट की मंजूरी की जरूरत नहीं होती। लेकिन वाल्ट्ज के नाम से एक सवाल उठता है- क्या वह भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के लिए एक अच्छा विकल्प होंगे? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिकी नागरिक और खालिस्तानी आतंकवादी गुरुपतवंत सिंह पन्नू की हत्या के प्रयास पर बाइडेन प्रशासन ने लगातार भारत को परेशान किया है।
क्या माइक वाल्ट्ज भारत के लिए फायदेमंद होंगे?
भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना (रोहित खन्ना) के मुताबिक, माइक वाल्ट्ज भारत-अमेरिका संबंधों के लिए "अच्छे" साबित होंगे। 48 साल के रो खन्ना और 50 साल वाल्ट्ज, भारत और भारतीय अमेरिकियों पर कांग्रेसनल कॉकस के डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन सह-अध्यक्ष हैं, जो प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ा कॉकस है।
रो खन्ना ने समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए कहा, कि "मुझे विश्वास है कि वह अमेरिका-भारत संबंधों के लिए बहुत अच्छे होंगे।"
20 जनवरी 2025 को ट्रंप के संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद वाल्ट्ज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में जेक सुलिवन की जगह लेंगे। रो खन्ना ने कहा, कि "माइक वाल्ट्ज के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं, और उनके साथ काम करना हमेशा अच्छा रहा है। जब हमने 2023 में भारत के स्वतंत्रता दिवस के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था, तो हम साथ में भारत गए थे।"
रो खन्ना और वाल्ट्ज, दोनों ने भारत-अमेरिका संबंधों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक साथ काम किया है।
जब वाल्ट्ज ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की वकालत की
पिछले साल मई में रो खन्ना और वाल्ट्ज ने तत्कालीन हाउस स्पीकर कैविन मैकार्थी को एक संयुक्त पत्र लिखकर उनसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी कांग्रेस में संयुक्त संबोधन के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध किया था।
उन्होंने 23 मई 2023 को लिखे पत्र में लिखा था, कि "जैसा कि हम भारत की स्वतंत्रता और अमेरिका-भारत संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, हम भारत और भारतीय अमेरिकियों पर द्विदलीय कांग्रेसनल कॉकस के सह-अध्यक्ष के रूप में आपको संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता के साथ लिख रहे हैं।"
इंडिया कॉकस के दोनों सह-अध्यक्षों ने कहा, कि इस साझेदारी की नींव लोकतंत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता और नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय प्रणाली को बनाए रखने में निहित है। पिछले साल जनवरी में इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद वाल्ट्ज ने कहा था, कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है।
उन्होंने कहा, "इसलिए मुझे इस कांग्रेस में हाउस इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का सम्मान मिला है ताकि हम यह सुनिश्चित कर सकें, कि हम इस साझेदारी को जारी रखें, हमारे दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करें और एशिया और दुनिया भर में लोकतंत्रों की रक्षा करें।"
जब वाल्ट्ज ने COVID-19 के दौरान भारत की मदद की
भारत में कोविड-19 संकट के चरम पर, वाल्ट्ज, जो उस समय रो खन्ना के साथ इंडिया कॉकस के सह-उपाध्यक्ष थे, उन्होंने भारत को चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाने के लिए इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष कांग्रेसी ब्रैड शेरमेन और स्टीव चैबोट के साथ एक पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। 29 अप्रैल 2021 को लिखे पत्र में, इंडिया कॉकस के नेताओं ने तर्क दिया था, कि "भारत में सभी का टीकाकरण होना अमेरिका के हित में है।"
पत्र में लिखा गया था, कि "इसके अलावा, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप जल्द से जल्द एस्ट्राजेनेका वैक्सीन की अधिशेष खुराक भारत के साथ साझा करें। अंत में, हम यह भी समझते हैं, कि भारत उच्च गुणवत्ता वाले अमेरिकी टीकों का घरेलू स्तर पर उत्पादन करने के लिए उत्सुक है। हमें उम्मीद है कि आप निजी क्षेत्र के साथ मिलकर यह आकलन करेंगे कि अमेरिका इस संबंध में सहयोग को कैसे आगे बढ़ा सकता है।"
इसके बाद एक बयान में, वाल्ट्ज ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और चीन के साथ अमेरिका की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में एक आवश्यक सहयोगी है।












Click it and Unblock the Notifications