US: अमेरिका के कैलिफोर्निया में फायरिंग, एक की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
अमेरिका में एक बार फिर मास शूटिंग की घटना सामने आई है। कैलिफोर्निया में एक सप्ताह की भीतर हुई दूसरी गोलीबारी की घटना में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Image: File
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन फर्नांडो घाटी में एक स्टोर की पार्किंग में शनिवार दोपहर गोलीबारी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक महिला है। सूत्रों के अनुसार, घायलों में से कम से कम एक को संदिग्ध माना जा रहा है। घटनास्थल के वीडियो में दिखाया गया है कि शॉपिंग सेंटर में दुकानों की कतार के बगल में बैठे एक पीड़ित को दमकलकर्मी संभाल रहे हैं। फिलहाल गोली मारने का मकसद पता नहीं चल पाया है।
मारे गए व्यक्ति की उम्र लगभग 45 साल है। लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने कहा कि तीन अन्य पीड़ितों में एक 35 वर्षीय महिला, एक 35 वर्षीय एक 45 वर्षीय व्यक्ति हैं। ये सभी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, इस हमले में कम से कम एक संदिग्ध 'लाल होंडा सिविक' में भाग गया। इससे पहले कैलिफोर्निया में ही 26 मार्च को गोलीबारी की घटना हुई थी। सैक्रामेंटो काउंटी में बीते रविवार को देर रात एक गुरुद्वारे में फायरिंग की घटना हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां तीन लोगों के बीच बीच गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों को गोली लगी।
आपको बता दें कि बीते कुछ सालों से अमेरिका में कई घातक गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। अमेरिका में बंदूक कल्चर की वजह से हिंसा एक आम चीज हो गई है। इसे देखते हुए देश के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हाल ही में बंदूक के खरीद-बिक्री के संबंधित नए कानून बनाए हैं। नए कानून के बाद बंदूक की बिक्री को लेकर सरकार के पास ज्यादा जानकारियां पहुंचने लगी हैं। हालांकि शूटिंग की घटनाओं में अब तक कोई कमी नहीं हुई है। हर सप्ताह अमेरिका के किसी न किसी शहर में गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications