स्पेन के नाइट क्लब में लगी भीषण आग, कम से कम 13 की मौत, कई लोग घायल
स्पेन में रविवार को एक दुखद घटना हुई, जहां नाइट क्लब कॉम्प्लेक्स में आग लग गई। इस घटना में अभी तक 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे। जिनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं रेस्क्यू मिशन में लगे जवान क्षतिग्रस्त इमारत में लोगों की तलाश कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक स्पेन के मर्सिया में शाम 6 बजे (स्थानीय समयानुसार) एक कॉम्प्लेक्स में आग लगने की खबर सामने आई, जिसमें कम से कम दो नाइट क्लब हैं। जिस पर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कई जानें जा चुकी थीं।

स्पेनिश पुलिस के मुताबिक 13 लोगों की मौत हुई है। जिसमें से अभी कई की पहचान नहीं हो पाई। वहीं 15 लोगों की एक सूची तैयार की गई, जिनके बारे में अभी तक पुलिस को कुछ भी पता नहीं है। फिलहाल पूरे कॉम्प्लेक्स में तलाशी ली जा रही। साथ ही मलबे को भी हटाया जा रहा है।
वहीं शहर के मेयर जोस बैलेस्टा ने घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मर्सिया सरकार ने आग में मारे गए लोगों के सम्मान में तीन दिनों के आधिकारिक शोक की घोषणा की, ऐसे में सिटी हॉल के बाहर स्पेनिश ध्वज को आधा झुका दिया गया।
मर्सिया की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक पहले इमारत की आग को बुझाकर उसे ठंडा किया गया। फिर अंदर उनके जवान गए और लोगों की तलाश शुरू की। वहां पर पीड़ितों के परिजनों की मदद के लिए एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।
वहीं सबसे ज्यादा नुकसान और हताहत फोंडा मिलग्रोस क्लब में हुए हैं। आग से वहां की इमारत का बड़ा हिस्सा गिर गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कत आई। वहां हालात बेहद कठिन हैं, फिर भी रेस्क्यू टीमें काम कर रही हैं। कुछ लोगों की हालत धुएं की वजह से खराब हुई थी, उनको अस्पताल पहुंच दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications